राजस्थान

राजस्थान के 27 जिलों में पंचायत चुनाव के लिए मतदान की तैयारी

Admindelhi1
2 Nov 2026 2:48 PM IST
राजस्थान के 27 जिलों में पंचायत चुनाव के लिए मतदान की तैयारी
x
27 जिलों में वोट डालेंगे मतदाता, 9094 उम्मीदवारों की परीक्षा

जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में कल 27 जिलों में लोकतंत्र का महापर्व मनाया जाएगा। जिला परिषदों और पंचायत समितियों के वार्डों में होने वाले मतदान के साथ ही हजारों प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी। इस चरण में जिला परिषद के 377 वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनावी मुकाबले में कुल 9094 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी हार-जीत का फैसला एक करोड़ छह लाख 81 हजार 567 मतदाता करेंगे।

मतदान के लिए प्रदेश में 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

तीसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर की खास चर्चा है। जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों में यहां बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में हैं। भरतपुर में जिला परिषद के 19 वार्डों के लिए 91 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, पंचायत समिति के 98 वार्डों में 696 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। पंचायत समिति के उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से भरतपुर तीसरे चरण में सबसे आगे है। ऐसे में यहां का चुनावी परिणाम स्थानीय राजनीति के लिहाज से खास माना जा रहा है।

जिला परिषद के वार्डों की संख्या के मामले में दौसा और हनुमानगढ़ सबसे आगे हैं।

दोनों जिलों में जिला परिषद के 24-24 वार्डों के लिए चुनाव हो रहे हैं। वहीं, पंचायत समिति के वार्डों की बात करें तो दौसा में सबसे ज्यादा 142 वार्ड हैं, जहां 474 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

तीसरे चरण का मतदान राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। कुल 9094 उम्मीदवारों के बीच होने वाले इस मुकाबले में एक करोड़ से अधिक मतदाता निर्णायक भूमिका निभाएंगे। 27 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों के वार्डों में होने वाला मतदान ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक समीकरणों की तस्वीर साफ करेगा।

Next Story