अजमेर का नाम बदलकर अजयमेरु करने की तैयारी, केंद्र सरकार को भेजा गया प्रस्ताव

अजमेर: राजस्थान के अजमेर शहर का नाम बदलकर अजयमेरु करने की पहल की गई है। विधानसभा अध्यक्ष एवं अजमेर उत्तर से भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने बताया कि इस संबंध में राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके साथ ही काजीपुरा गांव का नाम बदलकर काशीपुरा करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
अजयमेरु प्रेस क्लब के 26वें स्थापना दिवस समारोह में देवनानी ने कहा कि अजमेर की स्थापना चौहान वंश के राजा अजयराज ने की थी। इसी ऐतिहासिक पहचान को देखते हुए शहर का नाम अजयमेरु करने का प्रयास किया जा रहा है। नाम परिवर्तन के लिए केंद्र सरकार की अनुमति आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि तारागढ़ दुर्ग के विकास, चाचियावास और लोहागल के तालाबों को झील के रूप में विकसित करने तथा 175 बीघा जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र बनाने की योजना है। चाचियावास में झील विकास का काम शुरू हो चुका है।
देवनानी ने साइंस पार्क, लैपर्ड सफारी और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि अजमेर आने वाले पर्यटक यहां कम से कम दो से तीन दिन रुकें।





