राजस्थान

Pratapgarh: तिरंगा यात्रा और कार्यक्रमों से बढ़ी देशभक्ति की भावना

Tara Tandi
14 Aug 2025 11:38 AM IST
Pratapgarh: तिरंगा यात्रा और कार्यक्रमों से बढ़ी देशभक्ति की भावना
x
Pratapgarh प्रतापगढ़ । ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान का उत्साह जिलेभर में चरम पर है। बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पण्ड्या, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्वतसिंह चुण्डावत, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वन्दे मातरम्’ के जयघोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जगाना तथा स्वतंत्रता हेतु दिए गए बलिदानों को याद करना रहा।
अभियान के अंतर्गत पंचायत समिति परिसर, धरियावद और अरनोद में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें प्रतिनिधियों, युवाओं एवं स्वच्छता कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थलों की सफाई की और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। पंचायत समिति परिसर में हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया जिसमें लोगों ने स्वच्छता के लिए शपथ ली।
इसी क्रम में पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में शिलाफलकम पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज़ादी की रक्षा और देश की प्रगति के लिए हर व्यक्ति को जागरूक और जिम्मेदार होना चाहिए।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों में भी तिरंगा यात्राएं एवं स्वच्छता कार्यक्रम सहित विभिन्न आयोजन किए गए, जिनमें ग्रामवासियों, विद्यार्थियों और महिला समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक जिलेभर में जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।
___
बकाया मूलधन राशि 30 सितम्बर 2025 से पूर्व चुकाने पर मिलेगी ब्याज व दंडनीय ब्याज में शत प्रतिशत की छूट
प्रतापगढ़, 13 अगस्त। राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के तहत राजस्थान अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड़ जयपुर द्वारा ऋणियों को राहत प्रदान करने के लिए एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू की गई। इस योजना का प्रथम चरण 01 मई से 30 सितम्बर तक ही प्रभावी रहेगा।
राजस्थान अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड (आरएमएफडीसीसी) की ओर से वितरित ऋण जो 31 मार्च 2024 तक अतिदेय हो गए हैं, उन्हे 30 सितम्बर 2025 तक समस्त बकाया अतिदेय मूलधन एकमुश्त जमा करवाने पर साधारण एवं दंडनीय ब्याज पर शत-प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शकील अहमद ने बताया की योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए ऋणी/सह आवेदक/जमानतदार की ओर से निर्धारित प्रपत्र में 30 सितम्बर से पूर्व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन पत्र के साथ समस्त बकाया अतिदेय मूलधन के एकमुश्त भुगतान की रसीद जमा करवानी होगी। 31 मार्च 2024 तक पूर्ण ऋण वाले ऋणियों/सह आवेदनकर्ताओं/जमानतदारों से अपील है कि अंतिम तिथि से पूर्व ही अपनी बकाया मूलधन राशि का भुगतान कर साधारण ब्याज एवं दंडनीय ब्याज में शत-प्रतिशत छूट का लाभउ ठाएं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, कमरा न0 137 कलेक्ट्रेट, प्रतापगढ़ में भी सम्पर्क कर सकते है।
Next Story