राजस्थान

Pratapgarh: जिला कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक

Tara Tandi
26 May 2025 6:17 PM IST
Pratapgarh: जिला कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक
x
Pratapgarh प्रतापगढ़ । जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा विभागीय गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम, विद्युत आपूर्ति, पोषण ट्रैकर, पालनहार योजना, आयुष्मान भारत ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, तारबंदी, फार्म पौंड, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा पेयजल वितरण व्यवस्था आदि की विभागवार समीक्षा लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने आगामी मानसून के मद्देनजर नालों की सफाई को लेकर निर्देश दिए।
उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत मानसून से पहले वन विभाग से पौधे उपलब्ध कर लक्ष्यानुसार पौधा रोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पौधे सर्वाइव करें, उन्हें सही ढंग से लगाए और उनका ध्यान भी रखें। बैठक में वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधा रोपण हेतु विभागवार प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप अधिकाधिक पौधारोपण किया जाए।
उन्होंने नगर परिषद को पार्क व नालों की साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने तय मानकों के अनुरूप शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए।
बजट घोषणाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए ज़िला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक घोषणा का लाभ आमजन तक शीघ्र पहुंचे, इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करें और समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें।
निपुण प्रतापगढ़ के तहत 6 विद्यालयों को किया सम्मानित
बैठक में जिला कलक्टर ने जिला प्रशासन शिक्षा विभाग द्वारा चलाया गया अभियान मिशन निपुण प्रतापगढ़ में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान में कक्षा 3 से 5 तक के लिए राजकीय विद्यालय में सत्र 2024-25 में चलाये गये निपुण प्रतापगढ़ अभियान के तहत चयनित 6 विद्यालयों राजकीय प्राथमिक विद्यालय कंथार-प्रतापगढ़, राउप्रावि. रिछावरा-प्रतापगढ़, राउप्रावि. मानपुरा भाटिया-छोटीसादड़ी, राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय पुराना-छोटीसादड़ी, राप्रावि. छायन-सुहागपुरा, राप्रावि. खोरापाड़ा-सुहागपुरा को ’’निपुण विद्यालय’’ पुरस्कार से सम्मानित किया।
बैठक में संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा सभी पोर्टल पर डेटा नियमित रूप से अद्यतन करें। उन्होंने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि समस्त घोषणाओं का क्रियान्वयन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयसीमा में पूर्ण किया जाए।
बैठक में उपवन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद पर्वत सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेशचन्द्र आमेटा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी.आर. आमेटा सहित अन्य ज़िला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story