राजस्थान

Pratapgarh: जिला कलेक्टर ने ली रात्रि चौपाल, आमजन की समस्याएं सुन दिए निस्तारण के निर्देश

Tara Tandi
3 July 2025 6:30 PM IST
Pratapgarh: जिला कलेक्टर ने ली रात्रि चौपाल, आमजन की समस्याएं सुन दिए निस्तारण के निर्देश
x
Pratapgarh प्रतापगढ़ जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने बुधवार को उपखंड छोटी सादड़ी के ग्राम पंचायत हरिपुरा कार्यालय में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
रात्रि चौपाल के दौरान उपखंड अधिकारी यतीन्द्र पोरवाल सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, पेंशन, पट्टा, बिजली आदि से संबंधित समस्याएं प्रस्तुत की, जिनका जिला कलक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने इस अवसर पर ग्रामजन से अपील की कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखें तथा प्रयास करें कि अधिकतर समस्याओं का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही सरलता से किया जाए।
----------
वर्षों के इंतज़ार के बाद मिला वणजू मीणा को आवासीय पट्टा
प्रतापगढ़,3 जुलाई। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के तहत 30 जून को पंचायत समिति धरियावद की ग्राम पंचायत दांतलिया में आयोजित शिविर आमजन के लिए आशा की किरण बनकर सामने आया। इसी शिविर में ग्राम केली निवासी वणजू पत्नी पुंजीया मीणा ने वर्षों से लंबित अपनी आवासीय पट्टे की मांग को लेकर प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया।
वणजू की बात को गंभीरता से लेते हुए शिविर में उपस्थित उच्च अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। तत्काल दस्तावेज़ तैयार करवाए गए और मौके पर ही आवासीय पट्टा जारी कर वणजू को राहत प्रदान की गई।
कृतज्ञता के साथ वणजू ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जिला प्रशासन, उपखंड प्रशासन, तहसीलदार, विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, प्रगति प्रसार अधिकारी, सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत के प्रति आभार व्यक्त किया।
----------
गिव अप अभियान की वैधता अवधि अब 31 अगस्त
प्रतापगढ़ में 2030 परिवार एवं 8711 सदस्यों ने खाद्य सुरक्षा योजना से कटवाए नाम, 340 अपात्र परिवारों को नोटिस जारी
प्रतापगढ़,3 जुलाई। खाद्य मंत्री के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत् गिव अप अभियान के संबंध में जिला प्रतापगढ़ के समस्त खाद्य सुरक्षा योजना के उपभोक्त्तओं को सुचित किया जाता है कि गिवअप अभियान की वैधता अवधि 31 अगस्त 2025 तक बढ़ायी गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार निरन्तर वांचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। माननीय मुख्मंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को सरकारी योजनाओ से जोड़कर लाभान्वित किया जाए ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड सकें। जिला रसद अधिकारी रामचन्द्र शेरावत ने बताया कि खाद्य सुरक्षा प्रदान करने के संबंध में निर्धारित मापदण्ड राजस्थान खाद्य सुरक्षा नियम 2023 अनुसूची में परिवार जिसमें कोई आयकरदाता हो, परिवार जिसका कोई सदस्य सरकारी / अर्द्धसरकारी स्वयत्तशाषी संस्थाओं में कर्मचारी अधिकारी हो, एक लाख से अधिक वार्षिक पारिवारिक आय हो एवं परिवार में किसी सदस्य के पास चार पहिया वाहन हो (ट्रेक्टर आदि जिविकोपार्जन में प्रयुक्त वाहन को छोडकर) निष्कासन सूची में सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि 01 नवम्बर 2024 से प्रारम्भ GIVE-UP अभियान में आज तक राजस्थान में 22 लाख 31 हजार 899 व्यक्तियों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ छोड़ तथा प्रतापगढ़ जिले में 2030 परिवार एवं 8711 सदस्यों ने खाद्य सुरक्षा योजना से नाम कटवायें गये है, साथ ही 74 हजार 568 अपात्र परिवारों की युनिट हटायी गई।
उन्होंने बताया कि अभियान में 3 जुलाई तक प्रतापगढ़ जिले में 340 अपात्र परिवारो को नोटिस जारी किये गये, जिनसे वसूली की कार्यवाही की जावेगी। अभियान में अब प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर खाद्य विभाग के जिला रसद अधिकारी, प्रवर्तन अधिकारी एवं प्रवर्तन निरीक्षकगण द्वारा निरीक्षण करने के साथ ही खाद्य सुरक्षा में चयनित अपात्र लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। माननीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा द्वारा अब तक 14 जिलों में दौरा करके खाद्य विभाग के कार्यों एवं गिव अप अभियान की समीक्षा बैठक ली गई तथा गीव अप अभियान को और अधिक व्यापक बनाने हेतु जिला रसद अधिकारी, प्रवर्तन अधिकारी एवं प्रवर्तन निरीक्षकगण को नये लक्ष्य दिये गये, जिसकी साप्ताहिक समीक्षा की जायेगी।
खाद्य विभागशीघ्र ही परिवहन विभाग से चार पहिया स्वामी का डाटा संकलित कर खाद्य सुरक्षा में चनित अपात्र लोगों को नोटिस जारी करेगें और वसूली की कार्यवाही की जावेगी।
--------
*जिला कलक्टर ने किया पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, छोटीसादड़ी का निरीक्षण*
*विद्यालय परिसर में किया पौधारोपण, विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
प्रतापगढ़, 3 जुलाई। जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने गुरुवार को छोटीसादड़ी के बसेड़ा स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत जिला कलक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को वृक्षारोपण के महत्व के बारे में बताया और "हरियालो राजस्थान" अभियान की जानकारी देते हुए सभी से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वे धरती के तापमान को नियंत्रित करने, जल संरक्षण में मदद करने और जैव विविधता को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी यतीन्द्र पोरवाल, विद्यालय प्राचार्य, स्टाफ तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
-----------
अन्त्योदय संबल पखवाड़े के तहत शुक्रवार को लगेंगे शिविर
प्रतापगढ़, 03 जुलाई। जिला कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया के मार्गदर्शन में जिले भर में ग्राम पंचायत में कार्य योजना के अनुसार अन्त्योदय संबल पखवाड़ा शिविरों का आयोजन कर स्थानीय स्तर पर ही विभिन्न सुविधाओं व योजनाओं का लाभ पात्रता अनुसार उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को पखवाड़े के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं।
4 जुलाई को यहां होंगे शिविर
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अन्त्योदय संबल पखवाड़ा 4 जुलाई, शुक्रवार को धरियावद पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मुणिया, वालीसीमा, लोडी माण्डवी, माण्डवी, धमोत्तर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत केसरपुरा, नारायणखेड़ा, सुहागपुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रामपुरिया, प्रतापगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मगरोड़ा, मनोहरगढ़, मचलाना, दलोट पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रायपुर जंगल, लीलिया, अरनोद पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कोदीनेरा, साखथलीखुर्द, पीपलखूंट पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पीपलखूंट, सागबाड़ी, छोटीसादड़ी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पीथलवाड़ी कला, गणेशपुरा व अचलपुरा में शिविर आयोजित होंगे।
इसी तरह से 5 जुलाई को धमोत्तर की माण्डकला, पाल, सुहागपुरा की छरी, लाम्बाडाबरा, प्रतापगढ़ की सिद्धपुरा, सेमलपुर, सामली पठार, रोहनिया, पीपलखूंट की रोहनिया व पृथ्वीपुरा में शिविर आयोजित होंगे।
-----------
दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाडा
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने किया केलामेला शिविर का निरिक्षण
पेंशनधारियों का मौके पर ही सत्यापन करवाकर पेंशन शुरू करवाने के दिए निर्देश
प्रतापगढ़,3 जुलाई। दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने पीपलखुट ब्लॉक के केलामेला ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित कैंप का निरिक्षण किया। निरिक्षण दौरान उपस्थित ग्रामजनों से उनकी समस्या जानी और सम्बंधित विभाग को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
एडीएम ने सभी विभागों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत स्टॉप पेंशनधारियों का मोके पर ही सत्यापन करवा कर उनकी रुकी हुई पेंशन शुरू करने हेतु आज ही सभी का वेरिफिकेशन करवाने हेतु ग्राम विकास अधिकारी और ई मित्र संचालक को निर्देश दिए।
जर्जर भवनों की मरम्मत करने और मरम्मत न होने तक वैकल्पिक व्यवस्था करने के दिए निर्देश
उन्होंने उपस्थित राशन डीलर को सभी शेष ई केवाइसी एवं आधार सीडिंग करने के निर्देश दिए। ग्राम विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत क्षेत्र में चल रहे पुराने विद्यालय और आंगनवाड़ी का निरिक्षण कर जर्ज़र भवनों के मरम्मत करने और तब तक वेकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। किसी भी हाल में जर्ज़र भवन में बच्चो को नहीं बिठाने की सख्त हिदायत दी।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामजनों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन की योजना की जानकारी देते हुए इसके लिए सम्बंधित बैंक में जा कर बीमा योजना का लाभ लेने और इस संबंध में आगामी दिनों में होने वाले शिविरो में अपना खाता सक्रिय करवाने की जानकरी दी। निरिक्षण दौरान शिविर में कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी संजय चरपोटा, नायब तहसीलदार, ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी एवं अन्य विभागों के कार्मिको के साथ ग्रामजन उपस्थित रहे।
Next Story