राजस्थान

राजस्थान के करौली शहर में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, कर्फ्यू 4 अप्रैल तक बढ़ाया

Deepa Sahu
3 April 2022 7:46 AM GMT
राजस्थान के करौली शहर में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, कर्फ्यू 4 अप्रैल तक बढ़ाया
x
राजस्थान के करौली शहर में तनावपूर्ण शांति है।

राजस्थान के करौली शहर में तनावपूर्ण शांति है। पुलिस ने आज शहर में फ्लैग मार्च निकाला। उपद्रव के बाद शहर में 4 अप्रैल तक कर्फ्यू लगा दिया है। वहीं जिले में इंटरनेट सेवाओं को भी बंद रखा गया है। रविवार को सिर्फ मेडिकल स्टोर खोलने की छूट दी गई है। हालांकि, मेडिकल स्टोर भी नहीं खुले है। प्रशासन का कहना है कि दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक दूध और सब्जी की सप्लाई होगी। इमरजेंसी में शहर से बाहर जाने वाले लोगों को पुलिस से अनुमति लेनी होगी। कैलादवी आने वाले श्रद्धालुओं पर कोई रोक नहीं रहेगी। उनकी सुरक्षा में जाब्ता तैनात रहेगा। पुलिस ड्रोन कैमरे की मदद से इलाके की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रख रही है।

सरकार ने जांच के लिए एसआईटी का किया गठन
शनिवार को करौली में हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष में निकाली जा रही ही बाइक रैली पर एक समुदाय के लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। जिससे दो समुदाय आमने-सामने हो गए। सरकार ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। इससे पहले शनिवार को रात को जिला कलेक्ट्रेट में करीब 12 बजे दोनों समुदायों को प्रबुद्धजनों की बैठक बुलाई गई। जिसमें शांति के उपायों को लेकर चर्चा की गई।
कैला देवी मेले के लिए किया रूट डायवर्ट
तनाव और कर्फ्यू की वजह से कैला देवी मेले में आने वाले यात्रियों का रूट डायवर्ट किया गया है। हिंडौन की ओर से कैला देवी जाने वाले यात्रियों को अब खेड़ा से वजीपुर गंगापुर होकर कैला देवी पहुंचना होगा। अन्य मार्गों के लिए भी रूट डायवर्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने देर रात करौली में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी है। करौली में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। प्रशासन ने पत्थरबाजी और आगजनी की घटना के बाद करौली शहर में कर्फ्यू लगा दिया था। उल्लेखनीय है कि शनिवार को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष में निकाली जा रही बाइक रैली पर पथराव और आगजनी की घटना से दो समुदायों के बीच तनाव हो गया था। घटना में आधा दर्जन दुकानों और दो बाइकों को फूंक दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने धारा 144 लगा दी थी। हालात पर नियंत्रण के लिए जयपुर से 600 पुलिसकर्मियों की फोर्स भेजी गई है।
पुलिस ने 30 लोगों को हिरासत में लिया

घटना के बाद पुलिस ने 30 लोगों को हिरासत में लिया है। करौली एसपी शैलेंद्र कुमार इंदौलिया के पुलिस के अनुसार घटना में करीब 40 लोगों को चोटें आई है। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। करौली में तनाव के बीच स्थिति नियंत्रण में है। डीपीजी एमएल लाठर हालात पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने देर रात दोनों समुदायों के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर शांति बहाली औऱ सद्भाव के प्रयासों पर चर्चा की। जयपुर रेंज के आईजी ने कहा कि घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। करौली में अमन बहाली पुलिस की प्राथमिकता है। घटना में शामिल 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सीएम अशोक गहलोत की शांति बनाए रखने की अपील
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि करौली की घटना में शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम गहलोत ने दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सीएम ने कहा कि करौली की घटना को लेकर डीजीपी से बात की है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। सीएम ने दोनों समुदायों के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सीएम गहलोत ने कहा कि शांति एवं भाईचारा रहने पर विकास होता है। करौली में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।


Next Story