राजस्थान

पुलिस ने आनन-फानन में बच्ची के शव को दफना दिया

Admin Delhi 1
16 Sept 2023 11:08 AM IST
पुलिस ने आनन-फानन में बच्ची के शव को दफना दिया
x

बीकानेर: एक अज्ञात लड़की के शव का जल्दबाजी में पोस्टमार्टम करवाने और बाद में दफना देने की पुलिस कार्रवाई अब संदेह के घेरे में है। ये लड़की महाजन गांव की रहने वाली थी और लूणकरनसर में इसका शव मिला था। पुलिस ने बिना पड़ताल किए ही उसका पोस्टमार्टम करवा दिया और दफना भी दिया। शुक्रवार रात उसका शव फिर से बाहर निकाला गया है और लूणकरनसर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए लूणकरनसर थानाधिकारी सहित तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

लड़की का शव बाद में जेसीबी मशीन से वापस बाहर निकाला गया

दरअसल, महाजन थाने में गुरुवार को लड़की की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। शुक्रवार को मलकीकर पंपिंग स्टेशन के पास एक लड़की का शव मिला। लूणकरनसर पुलिस ने आला अधिकारियों को सूचना दिए बगैर ही आनन फानन में उसका पोस्टमार्टम करवा दिया। शव को दफना दिया। उधर, महाजन से जो लड़की लापता हुई थी, उसकी छानबीन चल रही थी। लड़की के परिजन लूणकरनसर पहुंचे तो पता चला कि एक लड़की को दफनाया गया है। दफनाने से पहले उसके फोटो लिए गए थे, जिसे देखने पर परिजन ने पहचान कर ली। पुलिस पर नाराज हुए कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी उन्होंने पड़ताल नहीं की और उसे दफना दिया। शनिवार रात इस शव को जेसीबी मशीन के सहयोग से खुदाई करके वापस निकाला गया।

Next Story