राजस्थान

400 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाल कर पुलिस ने 2 आरोपी पकड़े

Admin4
10 March 2023 1:55 PM GMT
400 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाल कर पुलिस ने 2 आरोपी पकड़े
x
कोटा। कोटा शहर के कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में टिपटा स्थित गढ़ पैलेस म्यूजियम में चोरी करने के आरोपियों का पुलिस को सुराग लगा है। घटना के 10 दिन बाद 2 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े है। पुलिस इनसे चोरी के माल बरामदगी के बारें में पूछताछ में जुटी है। मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी प्रभात पांचाल (27) व अचिन जाटव (24) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी यूपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर 7 दिन के रिमांड पर लिया है। जिनसे चोरी के माल बरामदगी के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सिटी एसपी ने बताया कि वारदात के बाद CCTV फुटेज खंगाले। 3 दिन बाद सुराग मिला, जिसमें 3 संदिग्ध द्वारा गढ़ पैलेस म्यूजियम की रेकी करने की जानकारी मिली। इसके बाद 40 से ज्यादा पुलिस जवानों की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी। कोटा से दिल्ली तक 400 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। आरोपियों को ट्रेस किया। बदमाशों की लोकेशन यूपी के गाजियाबाद आ रही थी। पुलिस की एक टीम ने गाजियाबाद में डेरा जमाए रखा और बदमाशों को पकड़ा। एसपी ने बताया कि अंतर्राज्य गैंग में कुछ और बदमाश भी शामिल हो सकते है। इस बारे में जांच की जा रही है।
26 फरवरी की रात को बदमाशों ने गढ़ पैलेस स्थित राव माधो सिंह म्यूजियम में सेंध लगाई थी। म्यूजियम से बेशकीमती सामान व एंटीक आइटम पार कर ले गए थे। सुबह म्यूजियम स्टाफ को इसकी जानकारी लगी तो हड़कंप मच गया।। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। डॉग स्क्वायड व FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। करीब 2 घंटे तक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। मिली जानकारी के अनुसार ज्यादातर चांदी के सामान चोरी हुए है। बदमाशों ने तीन शो केस को निशाना बनाया। इनमें एक को नही तोड़ पाए थे। चोरी हुए सामानों में चांदी हाथी इन पर सोने की परत चढ़ी हुई थी। इसके अलावा 20 से ज्यादा एंटीक आइटम लेकर फरार हो गए थे।
Next Story