राजस्थान

रंगभरी एकादशी पर विभिन्न मंदिरों में फागोत्सव मनाया गया

Admindelhi1
21 March 2024 9:15 AM GMT
रंगभरी एकादशी पर विभिन्न मंदिरों में फागोत्सव मनाया गया
x
भगवान के साथ होली खेली

अलवर: रंगभरी एकादशी पर बुधवार को विभिन्न मंदिरों में फागोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भजनों की प्रस्तुति दी और भगवान के साथ फूलों की होली खेली।

रामकिशन कॉलोनी कालाकुआं स्थित वेंकटेश बालाजी दिव्यधाम में भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमा का पंचामृत से अभिषेक कर पोशाक धारण कराई गई और भक्तों ने कई तरह के फूलों से भगवान के संग होली खेली। मलयागिरी चंदन में केसर घोलकर चांदी की पिचकारी से भगवान की प्रतिमा पर डाला तथा हर्बल गुलाल लगाई। इस अवसर पर स्वामी सुदर्शनाचार्य ने कहा कि होली का पर्व प्राणी मात्र के प्रति प्रेम सौहार्द्र करुणा मैत्री का संदेश देने वाला है। नीला आकाश, हरे वृक्षों पर लाल पीले गुलाबी फूल हमें जीवन में सदा प्रसन्न रहने की शिक्षा देते हैं।

स्कीम नंबर 10 स्थित शिवराम कृष्ण मंदिर में महिला मंडल की ओर से आयोजित फाग उत्सव में कीर्तन किया गया। महिलाओं ने गोपी के रूप में कृष्ण भगवान से होली खेली। कार्यक्रम में सरोज देवी, राधा देवी, कृष्णा देवी, संतोष देवी, कांता देवी, विमला देवी, नीरू देवी, मोना देवी, राम देवी व किरण देवी आदि मौजूद रही।

Next Story