गफूर खान की गायकी पर झूमे लोग, लेजर शो और दीपमाला ने बढ़ाई मत्स्य उत्सव की रौनक

अलवर: राजस्थानी लोकसंस्कृति, संगीत और रोशनी के खूबसूरत संगम ने मत्स्य उत्सव-2026 में अलवर की रौनक बढ़ा दी। शुक्रवार को ऐतिहासिक महल चौक में आयोजित लोकरंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक कलाकार गफूर खान की गायकी ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, सागर जलाशय पर हजारों दीपक जलाए जाने से पूरा परिसर जगमगा उठा।
महल चौक में गफूर खान ने राजस्थानी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही लेजर लाइट शो के जरिए अलवर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत दिखाई गई। फायर बैलून ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
दूसरी ओर, सागर जलाशय पर आयोजित दीपमाला में महिलाओं, युवाओं और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने दीपक जलाकर उत्सव को खास बनाया। कार्यक्रम में आईएएस अधिकारी अदिति वार्ष्णेय, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।





