राजस्थान

बीकानेर का चारागाह मॉडलः हरियाली के साथ बड़ी मात्रा में होगी पैदावार

mukeshwari
28 May 2023 11:18 AM GMT
बीकानेर का चारागाह मॉडलः हरियाली के साथ बड़ी मात्रा में होगी पैदावार
x

बीकानेर। जिले की 25 ग्राम पंचायतों के 864.32 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे 32 चारागाह पूरे प्रदेश में नजीर बन रहे हैं। इन चारागाहों में जहां पशुओं के लिए प्रचुर मात्रा में सेवण और घामण घास उगाई गई है। यह चारागाह, मनरेगा श्रमिकों को रोजगार के साथ राजीविका के महिला स्वयं समूहों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का जरिया बन रहे हैं।

जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि बीकानेर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसा है। यहां की जलवायु शुष्क होने के साथ बड़ी संख्या में पशु संपदा है। इन पशुओं के लिए बड़ी मात्रा में पौष्टिक चारे की जरूरत होती है। इसके मद्देनजर नवाचार करते हुए जिले में मॉडल चरागाह की परिकल्पना की गई। चरागाह के इन कार्यों को मनरेगा के तहत लिया गया। इनके लिए कुल 1101.73 लाख रुपए स्वीकृत किए गए।

बीकानेर में कोलायत दूसरे नंबर परः

जिला कलेक्टर ने बताया कि बीकानेर पंचायत समिति की 8 ग्राम पंचायतों के 286.32 हेक्टेयर क्षेत्र में 10 तथा श्रीकोलायत की 4 ग्राम पंचायतों के 338 हेक्टेयर क्षेत्र में 9 मॉडल चारागाह विकसित किए जा रहे हैं। इनके अलावा पूगल में चार लूणकरणसर में तीन, 5 में 2 तथा खाजूवाला, बज्जू, श्रीडूंगरगढ़ और नोखा में एक-एक मॉडल चारागाह विकसित किया जा रहा है।

हरियाली के साथ सुधरेगा ईको सिस्टमः

कलाल ने बताया कि इन 32 चारागाहों में सेवण और धामण जैसी पौष्टिक घास, ग्वारपाठा के अलावा कई प्रकार के फलदार पौधे लगाए गए हैं। पौधों की सुरक्षा के लिए इन्हें प्लास्टिक व झाड़ियों से ढका जाता है। वहीं चारागाहों के चारों ओर 48 हजार 250 रनिंग मीटर डिच कम बंड फेंसिंग (पशुओं से सुरक्षा की दृष्टि से चारों ओर गहरा गड्ढा खोदना) कार्य किया है।

इन चारागाहों में अब तक ग्वारपाठे के 42 हजार, सहजन फली के 4 हजार 350 पौधे लगाए गए हैं। वहीं 21 हजार से अधिक छायादार और फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। पानी के लिए जलकुंड, डिग्गी, कच्ची तलाई व ड्रिप सिंचाई का प्रावधान भी रखा है। चारागाहों के इन कार्यों से बड़े भूभाग में हरियाली होगी, जो इको सिस्टम को मजबूत करने में भी अपना योगदान देगी।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story