राजस्थान

पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी, मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुई टीमें

Admindelhi1
22 Oct 2026 8:54 AM IST
पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी, मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुई टीमें
x
मतदान की घड़ी करीब, 797 केंद्रों के लिए चुनावी दलों की रवानगी

जयपुर: पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत 22 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर से मतदान दल रवाना हुए। प्रशिक्षण के बाद दलों को ईवीएम, मतपत्र और निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि प्रथम चरण में चौमूं, दूदू, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, मौजमाबाद और सांभर पंचायत समितियों के 146 वार्डों तथा जिला परिषद के 22 वार्डों में मतदान होगा। इसके लिए कुल 797 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में 7 लाख 43 हजार 640 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3 लाख 84 हजार 195 पुरुष और 3 लाख 59 हजार 445 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, स्वतंत्र और सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतदान दलों को पांच दिन और चार रात अपने निर्धारित क्षेत्रों में रहकर निर्वाचन संबंधी दायित्व निभाने होंगे। 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान होगा। इसके बाद 23 अक्टूबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। 24 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतपत्र से मतदान कराया जाएगा। वहीं, 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। इस तरह मतदान दलों को ईवीएम और मतपत्र, दोनों माध्यमों से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करानी होगी।

Next Story