राजस्थान

जोधपुर में आज पंचायत चुनाव की मतगणना, 23 पंचायत समितियों के आएंगे नतीजे

Admindelhi1
20 Nov 2026 10:37 AM IST
जोधपुर में आज पंचायत चुनाव की मतगणना, 23 पंचायत समितियों के आएंगे नतीजे
x
जोधपुर में पंचायत चुनाव के नतीजों का इंतजार खत्म, दो केंद्रों पर मतगणना

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को दो निर्धारित केंद्रों पर होगी। जिले की 23 पंचायत समितियों के मतों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जबकि जिला परिषद सदस्यों की मतगणना दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी। पहले पंचायत समिति सदस्यों और उसके बाद जिला परिषद सदस्यों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को दोनों मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला) जोधपुर और राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर में संपन्न होगी।

महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में शेरगढ़, चाबा, सेखाला, आगोलाई, चामू और बालेसर पंचायत समितियों की मतगणना होगी। वहीं दूसरे केंद्र पर ओसियां, तिवरी, सामराऊ, बावड़ी, हतूंडी, उम्मेदनगर, भोपालगढ़, आसोप, बिलाड़ा, कापरड़ा, पीपाड़ शहर, सालवाखुर्द, लूणी, धवा, झंवर, मण्डोर और केरू पंचायत समितियों के वोट गिने जाएंगे।

प्रशासन ने मतगणना को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए दोनों केंद्रों पर प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था निर्धारित की है। अभ्यर्थियों, गणन अभिकर्ताओं, निर्वाचन कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों के लिए अलग प्रवेश द्वार तय किए गए हैं।

महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के गेट संख्या एक से छह पंचायत समितियों के उम्मीदवार और गणन अभिकर्ता प्रवेश करेंगे, जबकि गेट संख्या दो निर्वाचन और गणना कर्मचारियों के लिए आरक्षित रहेगा।

राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में गेट संख्या एक से निर्वाचन कार्मिकों और मीडियाकर्मियों को प्रवेश मिलेगा। गेट संख्या दो, तीन और पांच से अलग-अलग पंचायत समितियों के उम्मीदवारों और गणन अभिकर्ताओं का प्रवेश निर्धारित किया गया है।

पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए नियुक्त गणन अभिकर्ताओं को सुबह 7 बजे उपस्थित होना होगा। वहीं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना के लिए नियुक्त अभिकर्ताओं को दोपहर 12 बजे पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Next Story