राजस्थान

मालिक शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार

Admin4
21 Aug 2023 9:52 AM GMT
मालिक शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार
x
अजमेर। अजमेर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घोड़े को तिरंगा रंग में रंगकर शहर में घुमाने वाले घोड़ा मालिक चांद बावड़ी केसरगंज निवासी राजू उर्फ ताकी को पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। 15 अगस्त को एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र स्थित चौपाटी की थी, जिसमें राजू अपने घोड़े को तिरंगा रंग में रंगकर घुमाता हुआ दिखाई दे रहा था। जिसके बाद स्थानीय ट्री ऑफ लाइफ फॉर एनिमल्स (TOLFA) संस्था ने इसे लेकर भारतीय पशु कल्याण बोर्ड, अजमेर के प्रतिनिधि को इसकी शिकायत दी।
भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के प्रतिनिधि अमर सिंह ने बताया था कि TOLFA के द्वारा 15 अगस्त की रात को वीडियो भेजकर उन्हें इसकी जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि घोड़े या किसी भी जानवर को रंग में रंगना पशु क्रूरता निवारण अधिनियम-1960 के अंतर्गत आता है। इस मामले में घोड़े को भी काफी परेशानी हुई होगी, पूरे शरीर पर रंग लगाया गया है। उन्होंने 16 अगस्त को क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस को शिकायत भेजकर मामले में घोड़ा मालिक के खिलाफ शीघ्र पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करने की मांग की थी।
TOLFA ने इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को पोस्ट किया। पोस्ट कर लिखा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर एक ऐसी घटना उनके सामने आई है जो उन्हें बेहद परेशान करती है। शक्ति और शालीनता के प्रतीक एक घोड़े को भारतीय ध्वज के तिरंगे रंग से रंगा गया था। इससे न केवल जानवरों को परेशानी होती है बल्कि उनके अधिकारों का भी उल्लंघन होता है। TOLFA ने लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि क्रूरता के इस कृत्य के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। TOLFA के द्वारा वीडियो को पोस्ट करने के बाद देशभर से पोस्ट पर कई कमेंट किए गए। लोगों के द्वारा इसे क्रूरता बताकर इस घटना की निंदा की। इसके साथ ही मामले में कार्रवाई की मांग भी की जा रही थी। इस मामले को लेकर लोगों ने सवाल भी खड़े किए। उन्होंने लिखा कि लोग फेमस होने के लिए इन बेजुबान जानवरों का सहारा लेते हैं। यह बंद होना चाहिए। वहीं एक यूजर ने लिखा कि क्या यह रंग घोड़े से उतर पाएगा।
Next Story