राजस्थान

शनि जयंती पर मंदिरों में भजन संध्या समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित

Shantanu Roy
21 May 2023 12:21 PM GMT
शनि जयंती पर मंदिरों में भजन संध्या समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित
x
जैसलमेर। जैसलमेर में शनि जयंती शुक्रवार को धूमधाम से मनाई गई। शनि मंदिरों में दिन भर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। शनि मंदिरों में सुबह भगवान शनिदेव के अभिषेक किया गया है। उसके बाद आरती, पूजन, हवन व दीपमाला सहित शनि चालीसा के पाठ किए गए। शनि जयंती को लेकर एक दिन पूर्व शनि मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया। शुक्रवार सुबह से ही शनि भक्त मंदिरों में पहुंचने लगे। सुबह होने के साथ ही शहर भर के शनि मंदिरों में दर्शनार्थियों की रेलमपेल लगी रही। जो देर शाम तक चलती रही। शनि जयंती के अवसर पर मंदिरों में महाआरती के बाद प्रसादी वितरण का भी आयोजन किया गया। हनुमान चौराहे पर हनुमान मंदिर में स्थित शनिदेव मंदिर के पुजारी दाउलाल भार्गव ने बताया कि सुबह भगवान शनिदेव का अभिषेक किया गया। उसके बाद हवन व पूजन किया गया। शाम को महाआरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। इसके बाद शाम को भीम पणिया मंडली द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी गई। जिले भर के शनि मंदिरों में शनि जयंती धूमधाम व उत्साह पूर्वक मनाई गई। शहर के गड़ीसर प्रोल स्थित शनि मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया। सुबह ग्रह यज्ञ, शनि प्रतिमा का विशेष श्रंगार, यज्ञ व उसके बाद महाआरती की गई। देर शाम प्रसादी के बाद भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। इसी प्रकार गफूर भट्‌टा मलका प्रोल के पास स्थित शनि मंदिर, रमेश टॉकीज के पीछे स्थित शनि मंदिर, तेमड़ेराय फांटा सोनाराम की ढाणी के पास स्थित शनिदेव मंदिर व नवोदय विद्यालय के पास जय माता दी कॉलोनी में स्थित शनि मंदिर में शनि जयंती धूमधाम से मनाई गई।
Next Story