राजस्थान

दो जुलाई को भाजपा की महारैली से होगा विरोध का शंखनाद

Admin Delhi 1
21 Jun 2023 12:57 PM GMT
दो जुलाई को भाजपा की महारैली से होगा विरोध का शंखनाद
x

कोटा: भाजपा कोटा उत्तर की ओर से 2 जुलाई को महारैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे समेत प्रदेश के कई बड़े नेता शामिल होंगे। कोटा उत्तर से पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि राज्य सरकार के खिलाफ और मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर महारैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान किसान ,युवा, बेरोजगार सभी वर्गों के साथ अन्याय किया गया है। किसानों को कर्ज माफी का वादा किया गया लेकिन उसे पूरा नहीं किया। बेरोजगारों को रोजगार देने की बात हुई लेकिन हर बार पेपर लीक होने से उनकी आशाओं पर पानी फिर गया। बेरोजगारी भत्ता देने की बात की थी लेकिन अभी तक सभी को नहीं देकर वादाखिलाफी की गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि कोटा में भी विकास के नाम पर आयोजित विकास कर लोगों को परेशानी में डाला गया है। पूरे शहर में ट्रैफिक सिग्नल फ्री के नाम पर यू-टर्न बना दिए गए हैं। जिससे आए दिन एक्सीडेंट हो रहे हैं। रिवरफ्रंट को जिस तरह से प्रचारित किया जा रहा है उससे आम जनता को कोई लाभ होने वाला नहीं है। चंबल नदी के किनारे मथुराधीश कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी जिससे पूरे नदी के किनारे मथुराधीश की तर्ज पर कोरिडोर बनाया जाता जहां हजारों लाखों लोग चंबल नदी के दर्शन कर धार्मिक आयोजन कर सकते थे।

गुंजल ने बताया कि 2 जुलाई को राज्य सरकार के खिलाफ और मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर महारैली का आयोजन किया जा रहा है। महारैली का आयोजन बूंदी रोड पर एक फार्म हाउस पर किया जाएगा जिसमें भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत प्रदेश के कई बड़े नेता शामिल होंगे। प्रदेश के एक दर्जन सांसदों समेत कई अन्य नेताओं को आमंत्रित किया गया है। केंद्र से भी कई नेताओं के आने की संभावना है। शहर और देहात अध्यक्ष को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि 20 बीघा एरिया में विशाल पांडाल बनाया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन होगा। इसके लिए करीब 15 सौ बसों की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर पूर्व पार्षद बृजेश शर्मा नीटू मंडल अध्यक्ष पूर्व पार्षद समेत कई भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

Next Story