संविधान दिवस पर एनएसयूआई की ‘रन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन’ मैराथन
जयपुर: हाथों में संविधान की प्रस्तावना से जुड़ी तख्तियां और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में युवा जयपुर की सड़कों पर उतरे। संविधान दिवस के अवसर पर एनएसयूआई की ओर से आयोजित ‘रन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन’ मैराथन में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में आयोजित पांच किलोमीटर की मैराथन राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर पत्रिका गेट पर संपन्न हुई। दौड़ के माध्यम से युवाओं ने संविधान के सम्मान और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया।
इस अवसर पर विनोद जाखड़ ने प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा करने पर जोर दिया।
जाखड़ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान के लिए 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 7,100 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 5,100 रुपये का पुरस्कार निर्धारित था। छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग पुरस्कारों के साथ टी-शर्ट एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पुष्पेंद्र भारद्वाज सहित एनएसयूआई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से संवैधानिक आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।





