राजस्थान

अब जयपुर में होगी 'महंगाई हटाओ रैली', कांग्रेस का आरोप- बीजेपी ने रद्द करवाई रैली

Kunti Dhruw
2 Dec 2021 1:09 AM GMT
अब जयपुर में होगी महंगाई हटाओ रैली, कांग्रेस का आरोप- बीजेपी ने रद्द करवाई रैली
x
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 12 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित 'महंगाई हटाओ महारैली' अब दिल्ली के बजाय जयपुर में होगी।

जयपुर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 12 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित 'महंगाई हटाओ महारैली' अब दिल्ली के बजाय जयपुर में होगी। देश भर के कांग्रेसी कार्यकर्ता अब केंद्र सरकार को घेरने के लिए जयपुर में एकत्रित होंगे। जयपुर में होने वाली इस महारैली का स्थान फिलहाल तय नहीं हुआ है। स्थान के बारे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा मंत्रणा कर रहे हैं।

कांग्रेस का आरोप - 'भाजपा ने दिल्ली में रैली की अनुमति खारिज कराई'
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा महंगाई के खिलाफ रैली आयोजित नहीं करने दे रही है। बड़ी मशक्कत के बाद सरकार ने द्वारका में रैली की अनुमति दी थी। जब रैली की तैयारियां ज़ोर-शोर पर थी तब सुनियोजित षडयंत्र के तहत मोदी सरकार ने दिल्ली के उपराज्यपाल पर दबाव बनाकर द्वारका, दिल्ली में होने वाली 'महंगाई हटाओ रैली' की अनुमति को खारिज करवा दिया।


3 दिसंबर को जयपुर आएंगे के. सी. वेणुगोपाल और अजय माकन
रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी अजय माकन 3 दिसंबर को जयपुर आएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से चर्चा करेंगे। उसी दिन जयपुर में महारैली का स्थान तय कर लिया जाएगा।
Next Story