राजस्थान

अब शहर के हर घर में पाइपलाइन के जरिये पहुंचेगी रसोई गैस

Admin4
2 Oct 2023 12:11 PM GMT
अब शहर के हर घर में पाइपलाइन के जरिये पहुंचेगी रसोई गैस
x
बांसवाड़ा। बांसवाड़ाशहरवासियों के लिए खुशखबर है। आने वाले कुछ समय में शहर में घर-घर तक रसोई गैस पहुंच जाएगी। इसके लिए कुछ क्षेत्रों में पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है। इसमें उपभोक्ता को कनेक्शन जीरो डाउन पेमेंट पर मिलेगा। कनेक्शन के लिए कार्यकारी एजेंसी की ओर से सर्वे व पंजीयन भी किया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से गैस वितरण नेटवर्क के विस्तर व स्वच्छ पर्यावरण के अनुकूल ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए बांसवाड़ा व डूंगरपुर के लिए पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 2019 में गुजरात गैस लिमिटेड को अधिकृत किया था। कोविड से कार्य बाधित हुआ। इसके बाद पिछले कुछ माह से सर्वे उपरांत शहर की विभिन्न कॉलोनियों में पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है।
गुजरात गैस के प्रतिनिधि अर्जुन श्रीवास्तव ने बताया कि घर-घर गैस पहुंचने से उपभोक्ताओं को सहूलियत मिलेगी। प्राकृतिक गैस की खपत एलपीजी के मुकाबले कम होगी। सर्वे उपरांत इच्छुक उपभोक्ताओं को जीरो डाउन पेमेंट पर कनेक्शन दिए जाएंगे। घर में 15 मीटर तक निशुल्क पाइप लाइन डाली जाएगी। इसके बाद प्रति अतिरिक्त मीटर पाइप के लिए चार्ज लगेगा। साथ ही घरों में मीटर लगाए जाएंगे। कनेक्शन आरंभ होने के दो माह बाद उपभोक्ता को बिल दिया जाएगा, जिसमें जितनी गैस का उपभोग होगा, उतनी राशि का बिल अदा करना होगा। लाइन का वार्षिक रखरखाव होगा। कनेक्शन देने से पहले संबंधित क्षेत्रों के निवासियों की बैठक कर जानकारी दी जाएगी। बांसवाड़ा में कार्य आरंभिक चरण में है। कनेक्शन के लिए क्षेत्रवार सर्वे चल रहा है। उपभोक्ताओं की सहमति के बाद पंजीयन करेंगे। उसी आधार पर संबंधित क्षेत्रों में पाइप लाइन डालने के उपरांत कनेक्शन दिए जाएंगे। कुछ जगह पाइप लाइन डाल दी है। कंट्रोल रूम व स्टेशन के लिए अभी घंटाघर के समीप पैलेस परिसर और ठीकरिया औद्योगिक क्षेत्र का चयन किया है। अनिल येल्लुरी, परियोजना प्रबंधक, गुजरात गैस।
Next Story