कांग्रेस में शामिल हुए विधायकों को दी गई नई जिम्मेदारी

जयपुर न्यूज: राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है और इसके चलते सीएम अशोक गहलोत ने बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुये विधायकों की नाराजगी को दूर करने के लिए उनको बड़ी जिम्मेदारी दी है। सीएम अशोक गहलोत ने बसपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले विधायक वाजिब अली और संदीप यादव को बड़ी राजनीतिक नियुक्तियों से नवाजा हैं। इनमें वाजिब अली को राजस्थान राज्य खाद्य आयोग में अध्यक्ष बनाया गया है और संदीप यादव को भिवाड़ी शहरी आधारभूत विकास बोर्ड में अध्यक्ष पद का दायित्व दिया गया है। अब बसपा से कांग्रेस में आये सभी छह विधायकों को सत्ता में भागीदारी मिल चुकी है. चार विधायकों को पहले ही सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिल चुकी है। बता दे कि राज्य की गहलोत सरकार ने एक बार से राजस्थान में राजनीतिक नियुक्तियां देने का सिलसिला शुरू कर दिया है। इस चरण में सबसे पहले बसपा से आये विधायकों को राजनीतिक नियुक्तियों का तोहफा दिया गया है। ये विधायक कांग्रेस में शामिल होने के बाद भी सत्ता में भागीदारी नहीं मिलने से नाराज चल रहे थे। लिहाजा सरकार ने सबसे पहले उनको पद देकर उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया है। ये दोनों विधायक बार-बार सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे।
राजस्थान राज्य खाद्य आयोग में अध्यक्ष बनाये गये वाजिब अली भरतपुर के नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वही संदीप यादव अलवर की तिजारा विधानसभा सीट से विधायक हैं। इन्होंने बीते विधानसभा चुनाव के बाद अपने चार अन्य साथियों के साथ बसपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। उसके बाद उनमें से चार विधायकों को सरकार ने सत्ता में भागीदारी दे दी गई थी। इन दो विधायकों को कोई पद नहीं मिलने से ये पिछले काफी समय से सरकार से नाराज चल रहे थे। लेकिन अब सीएम अशोक गहलोत ने बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुये विधायकों की नाराजगी को दूर करने के लिए उनको बड़ी जिम्मेदारी दी है। वाजिब अली को राजस्थान राज्य खाद्य आयोग में अध्यक्ष बनाया गया है और संदीप यादव को भिवाड़ी शहरी आधारभूत विकास बोर्ड में अध्यक्ष पद का दायित्व दिया गया है। बसपा से कांग्रेस में शामिल हुये 6 विधायकों में से राजेंद्र गुढ़ा राज्य सरकार में राज्य मंत्री हैं। गुढा झुंझुनूं जिले की उदयपुरवाटी से विधायक हैं। इसके अलावा लाखन सिंह मीणा डांग विकास बोर्ड के अध्यक्ष हैं। लाखन सिंह करौली से विधायक हैं। वहीं जोगिंदर सिंह अवाना देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष और दीपचंद खेरिया राज्य किसान आयोग में उपाध्यक्ष हैं। जोगिंदर सिंह भरतपुर के नदबई से और दीपचंद खेरिया अलवर के किशनगढ़ बास से विधायक हैं।





