मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन पर मिलेंगी नई सुविधाएं, रेलवे ने मंजूर किए डेढ़ करोड़ रुपये

जोधपुर: राजस्थान के मेड़ता रोड बाईपास रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय और कोच इंडिकेशन बोर्ड सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, बुकिंग कार्यालय के निर्माण के लिए स्थान निर्धारित कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाने का काम भी ठेकेदार को आवंटित किया जा चुका है।
नई सुविधाएं शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन पर ही टिकट मिल सकेंगे। प्रतीक्षालय में बैठकर ट्रेन का इंतजार करने और कोच इंडिकेशन बोर्ड से अपना निर्धारित डिब्बा तलाशने में आसानी होगी।
रेलवे की इस पहल से मेड़ता रोड बाईपास स्टेशन से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को मौजूदा असुविधाओं से राहत मिलने की उम्मीद है।





