राजस्थान

Nagaur: नमक से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बाइक सवार दो दोस्तों की मौत

Admindelhi1
5 March 2026 1:04 AM IST
Nagaur: नमक से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बाइक सवार दो दोस्तों की मौत
x

नागौर: डीडवाना-कुचामन जिले में नावां कस्बे के जब्दीनगर गांव के पास बुधवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। नमक से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक से टकराने के बाद पलट गई, जिससे दोनों युवक ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

थानाधिकारी नंदलाल रिणवां ने बताया कि हादसे में जब्दीनगर निवासी राधेश्याम (45) पुत्र पूरणमल और शंकरलाल (43) पुत्र मन्नालाल की मौके पर ही मौत हो गई। राधेश्याम नावां में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थे, जबकि शंकरलाल नमक झील में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। होली के अवसर पर दोनों दोस्त एक परिचित से मिलने बाइक से निकटवर्ती गांव राजास जा रहे थे। जब्दीनगर से निकलते ही सामने से आ रहे नमक से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों शंकर और सूरज ने बताया कि ट्रैक्टर में नमक ओवरलोड भरा हुआ था। सामने बाइक को देखकर चालक संतुलन खो बैठा, जिससे टक्कर के बाद ट्रॉली बाइक सवारों पर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हाथों से नमक हटाकर दोनों युवकों को निकालने का प्रयास किया। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से नमक हटाया गया। गंभीर हालत में दोनों को एंबुलेंस से नावां उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

राधेश्याम के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं शंकरलाल के परिवार में 13 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा है। शंकर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।

Next Story