
x
भरतपुर। नगर निगम के एईएन के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को सैकड़ों लोगों ने मथुरा गेट थाने का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। नगर निगम के सभी कर्मचारी, पार्षद और ठेकेदार एकजुट होकर मथुरा गेट थाने पहुंचे। जहां पर उन्होंने पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।
इस दौरान पुलिस और नगर निगम कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। हालांकि, पुलिस ने थाने मे घुस रहे लोगों को खदेड़ कर बाहर निकाला और उसके बाद थाने के गेट को बंद कर दिया । बाद में समझाइश कर प्रतिनिधिमंडल पुलिस के अधिकारियों से मिला और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी।इससे पहले मंगलवार को आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर नगर निगम के कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया था। जिसके चलते सफाई व्यवस्था ठप हो गई थी। नगर निगम के कर्मचारियों का अन्य विभाग भी समर्थन कर रहे हैं। उल्लेखनीय हैं कि गत 21 दिसंबर की रात को नगर निगम के एईएन राधेश्याम गुर्जर कार्यालय से वापस जा रहे थे।
उसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। नगर निगम के सभी कर्मचारी इस पूरे मामले को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं और बुधवार को थाने का घेराव किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Admin4
Next Story