गहलोत के आरोपों पर मंत्री का पलटवार, बताया 'झूठ का पुलिंदा'

जयपुर: राजस्थान में 'खेलो राजस्थान यूथ गेम्स' को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने पलटवार करते हुए उनके अभियान को 'झूठ का पुलिंदा' बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाना है।
मंत्री के अनुसार, 'खेलो राजस्थान यूथ गेम्स' के लिए अब तक 2 लाख 31 हजार 166 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 1 लाख 46 हजार 458 पुरुष और 84 हजार 705 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। कुल 5,231 टीमों और 1 लाख 86 हजार 835 व्यक्तिगत खिलाड़ियों ने भी पंजीकरण कराया है।
पटेल ने बताया कि सरकार ने 2 अक्टूबर 2026 को प्रतिभा योजना शुरू की है। इसके तहत प्रदेश के 70 लाख से अधिक बच्चों की खेल प्रतिभा का वैज्ञानिक परीक्षण करने का लक्ष्य रखा गया है। परीक्षण के बाद करीब 3 हजार उभरती और 10 हजार नवोदित प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खिलाड़ियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के लिए 'खेलमित्र' पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है। इसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रगति का विवरण दर्ज होगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजस्थान की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। साथ ही वर्ष 2036 के ओलंपिक की तैयारियों के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है।





