राजस्थान

जोधपुर में दिनभर रही गलन, शाम को शुरू हुई शीतलहर

Admin Delhi 1
14 Jan 2023 1:47 PM GMT
जोधपुर में दिनभर रही गलन, शाम को शुरू हुई शीतलहर
x

जयपुर: पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण प्रदेश के मौसम में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री एवं अधिकतम 22.7 डिग्री दर्ज हुआ। यहां दिनभर आसमान में बादल छाए रहे एवं हल्की शीतलहर चली। सुबह और शाम के तापमान में गलन रही, जिससे आमजन को हल्की सर्दी का अहसास हुआ। दूसरी तरफ प्रदेश में सबसे कम तापमान जैसलमेर में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी समेत कई जिलों में कोहरे एवं शीतलहर का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मकर सक्रांति पर राज्य के अधिकतर भागों में उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे दिनरात के तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होगी।

प्रदेश की अधिकतर जगहों का तापमान जमाव बिंदु पर या उससे नीचे जाने की संभावना है। प्रदेश में शेखावाटी फतेहपुर के अलावा कई जगह कोहरे का दौर जारी रहा। कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहा। विजिबिलिटी 100 से कम दर्ज हुई। सीकर के फतेहपुर में कोहरे के चलते विजिबिलिटी करीब 70 मीटर के आसपास रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सीकर में शनिवार से 17 जनवरी तक तेज शीतलहर चलने की संभावना है। शेखावाटी के फतेहपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रहा, गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री था।

मावठ से सर्दी तेज: प्रदेश के अधिकतर जगहों पर शुक्रवार से मावठ का दौर शुरू हो गया। सीजन की पहली मावठ जोधपुर में पड़ी। जोधपुर, बाड़मेर में मावठ के बाद सर्दी तेज हो गई है। यहां लोग सुबह और शाम अलाव तापते हुए नजर आए दूसरी तरफ यहां शुक्रवार सुबह आसमान में कोहरा रहा। जोधपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.1 और बाड़मेर में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

यहां गिरा 10 डिग्री तक तापमान: मौसम के अचानक लिए यू टर्न से शुक्रवार को दिन भर सर्द हवाओं का दौर रहा। कई जगह अधिकतम तापमान 10 डिग्री लुढ़क गया। जैसलमेर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को गिरकर 17.4 पर आ गया। इसी तरह गंगानगर में तापमान 20.5 से गिरकर 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में तापमान 27 से गिरकर 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Next Story