राजस्थान

युवती से निकाह करने वाले मौलाना पर कोर्ट परिसर में हमला

Admindelhi1
10 Nov 2026 3:25 PM IST
युवती से निकाह करने वाले मौलाना पर कोर्ट परिसर में हमला
x
मौलाना के निकाह का मामला गरमाया, अदालत परिसर में हुई मारपीट

जयपुर: जयसिंहपुरा खोर इलाके में मदरसे के एक मौलाना की कोर्ट परिसर के बाहर लोगों ने पिटाई कर दी। मौलाना पर मदरसे में पढ़ने आने वाली बच्चियों का ब्रेनवॉश करने और 18 वर्षीय युवती को अपने प्रभाव में लेकर निकाह करने का आरोप है। आरोपी पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए।

जयसिंहपुरा खोर थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि नाई की थड़ी स्थित मदरसे के मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मदरसे में आसपास के क्षेत्रों की बच्चियां पढ़ने आती हैं। आरोप है कि मौलाना पढ़ाई के दौरान बच्चियों को अपने प्रभाव में लेने का प्रयास करता था। इसी दौरान मदरसे में पढ़ने आने वाली 18 वर्षीय युवती भी उसके संपर्क में आई।

परिजनों के अनुसार युवती मौलाना से निकाह करने की जिद कर रही थी। परिवार की ओर से समझाइश के बावजूद वह नहीं मानी और पिछले दिनों परिजनों की सहमति के बिना मौलाना से निकाह कर लिया। मौलाना पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। निकाह की जानकारी मिलने पर परिजनों ने जयसिंहपुरा खोर थाने में शिकायत दी।

इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग विरोध जताने थाने पहुंचे और मदरसे में पढ़ने आने वाली अन्य बच्चियों को भी प्रभावित करने के आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

शनिवार दोपहर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश हुए। कोर्ट परिसर से बाहर निकलते समय आक्रोशित लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में मौलाना पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से बचाकर बाहर निकाला। मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

Next Story