चूरू और ब्यावर में बड़ा उलटफेर, बहुमत के बावजूद हारे प्रत्याशी

जयपुर: राजस्थान में बुधवार को हुए जिला प्रमुख चुनावों में कई जिलों में राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आए। प्राप्त परिणामों के अनुसार, कांग्रेस ने 24 जिलों में जिला प्रमुख पद हासिल किया, जबकि भाजपा ने 10 जिलों में जीत दर्ज की। भारत आदिवासी पार्टी ने दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक जिले में जीत हासिल की।
चूरू में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा की कनिका सिंह जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। वहीं, ब्यावर में भाजपा के बहुमत के बावजूद कांग्रेस की ममता गुर्जर ने निर्मला रावत को एक वोट से हरा दिया।
जयपुर में कांग्रेस के यशवीर सूरा ने 42 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेश गुर्जर को 14 वोट मिले। बीकानेर में कांग्रेस की निकिता डूडी और जैसलमेर में 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनीं। दौसा और सवाई माधोपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
डीडवाना-कुचामन में भाजपा के बुद्धाराम गर्वा और डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी के अनुतोष रोत को लॉटरी के माध्यम से जीत मिली। नागौर में आरएलपी के पांचाराम जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। कई जिलों में बहुमत के विपरीत आए परिणामों ने क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक रणनीतियों को चर्चा में ला दिया है।





