राजस्थान

Madhopur: गुलाब बाग में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश

Tara Tandi
2 Oct 2025 3:19 PM IST
Madhopur: गुलाब बाग में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश
x
Madhopur माधोपुर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को गुलाब बाग एवं जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए।
जिला कलक्टर काना राम, जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, नगर परिषद सभापति जयप्रकाश सामरिया और नगर परिषद आयुक्त देवेंद्र कुमार जिंदल ने गुलाब बाग गांधी पार्क में गांधी जी की प्रतिमा और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन सत्य, त्याग और सेवा का प्रतीक है। गांधी जी का “स्वच्छता-सेवा” और शास्त्री जी का “जय जवान जय किसान” उद्घोष आज भी हमारे मार्गदर्शक हैं। उन्होंने आह्वान किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। हमेशा जीवन में लक्ष्य निर्धारित करते समय साध्य के साथ साधन की पवित्रता होना आवश्यक हैं।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा में गूंजे भजन और प्रार्थनाएं :- गुलाब बाग में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में राजकीय कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्काउटदृगाइड्स एवं आमजन ने सरस्वती वंदना, गुरु वंदना, रामधुन, बौद्ध प्रार्थना, गायत्री मंत्र, इस्लाम और जैन धर्म की प्रार्थनाएं, वैष्णव जन तो तेने कहिए, दे दी हमें आज़ादी बिना खड्ग बिना ढाल और रघुपति राघव राजा राम जैसे भजनों का सामूहिक गायन किया। सभा में दो मिनट का मौन रखकर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी गई।
सफाई कर्मियों का हुआ सम्मान, श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश :- कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद सवाई माधोपुर की ओर से स्वच्छता अभियान में विशेष योगदान देने वाले 15 सफाई कर्मियों को स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त सफाई कर्मी विमला को 5 लाख रुपये की जीपीएफ राशि का स्वीकृति पत्र सौंपा गया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत नगर परिषद के कर्मचारियों ने शहर के मुख्य मार्गों पर श्रमदान कर गांधीजी के स्वच्छता संदेश को जनदृजन तक पहुंचाया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी हरकेश मीना, अधीक्षण अभियंता बी.एल. मीना, अधीक्षण अभियंता भगवान सहाय मीना, उपनिदेशक समाज कल्याण मीना आर्य, स्काउट सचिव महेश सेजवाल, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Next Story