राजस्थान

Madhopur: ध्वजारोहण कार्यक्रम की रूपरेखा तय, कृषि मंत्री करेंगे झंडारोहण

Tara Tandi
11 Aug 2025 5:35 PM IST
Madhopur: ध्वजारोहण कार्यक्रम की रूपरेखा तय, कृषि मंत्री करेंगे झंडारोहण
x
Madhopur माधोपुर: स्वाधीनता दिवस समारोह (15 अगस्त, 2025) मनाये जाने एवं आयोजन की पूर्व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों की दिए गए निर्देशों की पालना करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, समन्वित एवं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 8ः15 बजे जिला कलक्टर निवास, 8ः30 बजे जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं प्रातः 9 बजे जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि कृषि उद्यानिकी, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी राजकीय, अर्द्धसरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में भी ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाईन परेड ग्राउंड पर आमजन के बैठने, पेयजल, टेंट, माइक, ध्वज एवं ध्वजारोहण, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा, विद्युत, सुरक्षा, पार्किंग, पास, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं हेतु संबंधित अधिकारियों को सटीक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नगर परिषद, पीएचईडी, चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग सहित सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शहीद वीरांगनाओं व स्वतंत्रता सैनानियों के आश्रितों को ससम्मान निमंत्रण देने के निर्देश सभी संबंधित तहसीलदारों को दिए।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह में आरएसी, पुलिस बल, स्काउट-गाइड, एनसीसी, पुलिस केडिट तथा स्कूल के बच्चों द्वारा मार्च पास्ट, मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण, स्वतंत्रता सेनानी आश्रित, वीरांगनाओं का सम्मान, विद्यार्थियों द्वारा व्यायाम प्रदर्शन, सामूहिक नृत्य, बालिकाओं द्वारा सामूहिक गायन कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो कार्यक्रमों की सांस्कृतिक अनुरूपता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वां, उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, सीएमएचओं डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, नगर परिषद आयुक्त नरसी मीना, पीएमओं डॉ. तेजराम मीना, परियोजना प्रबंधक डॉ. सरोज बैरवा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story