राजस्थान

Madhopur: हरियाली तीज पर 27 जुलाई को होगा सघन पौधारोपण

Tara Tandi
22 July 2025 6:41 PM IST
Madhopur: हरियाली तीज पर 27 जुलाई को होगा सघन पौधारोपण
x
Madhopur माधोपुर: “हरियालों राजस्थान“ अभियान की प्रगति की समीक्षा एवं हरियाली तीज पर 27 जुलाई को होगा सघन पौधारोपण के संबंध में बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभागवार अब तक किए गए पौधारोपण एवं जियो टैगिंग की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि समस्त विभाग जुलाई माह में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित करें एवं सभी पौधों की जियो टैगिंग कर उनकी देखभाल की ठोस व्यवस्था भी की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्रतिदिन पौधारोपण कर राजकीय कार्यालय परिसरों, सड़क एवं नहर किनारों, ऐतिहासिक स्मारकों, शहरी पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योजनाबद्ध ढंग से हरियाली बढ़ाएं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्त शैक्षणिक संस्थाओं में विद्यार्थियों की भागीदारी से पौधारोपण कराने तथा उन्हें आमजन को भी प्रेरित करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों को शहरी क्षेत्रों के डंपिंग यार्ड्स एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन कार्यालय परिसरों में स्थान की कमी है, वहां ’मियावाकी तकनीक’ से बहुवर्गीय पौधारोपण किया जाए, जिसमें छायादार, फूलदार व ऊँचे सीधे वृक्षों की पंक्तियाँ वैज्ञानिक तरीके से लगाई जाएंगी। आयुर्वेद विभाग को समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर औषधीय पौधों का रोपण करने हेतु कहा गया है। कृषि विभाग (आत्मा) को प्रगतिशील किसानों के माध्यम से प्रति किसान न्यूनतम 10 पौधे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मित्रों, स्वयं सहायता समूहों, राजीविका सखियों, पुलिस मित्रों एवं सामाजिक संगठनों को सक्रिय कर आमजन को “एक पेड़ मां के नाम हरियालो राजस्थान” अभियान से जोड़कर जन अभियान बनाने की अपील की। नागरिकों को अपने माता-पिता, प्रियजन, बेटा-बेटी के जन्मदिवस या अन्य स्मरणीय अवसरों पर पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए तथा व्यक्तिगत स्तर पर सर्वाधिक पौधारोपण करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी हरियाली तीज (27 जुलाई) के अवसर पर सभी विभाग विशेष पौधारोपण अभियान चलाएं, जियो टैगिंग कर सूचना पट्ट भी लगवाएं। इस दिन महिलाओं को पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता कर “पौधारोपण महोत्सव“ के रूप में आयोजन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर भी व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
हरियालो राजस्थान के तहत 10 लाख से अधिक पौधारोपण :- उप वन संरक्षक सुनील कुमार ने बताया कि समस्त विभागों द्वारा 1 जुलाई से अब तक लगभग 10 लाख पौधे लगाकर 3 लाख 22 हजार से अधिक हरियालो राजस्थान ऐप पर जियोटैगिंग कर सम्पूर्ण राजस्थान में सवाई माधोपुर द्वितीय स्थान पर है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा जिले की आलनपुर, चौथ का बरवाड़ा, भगवतगढ, बौंली रेंज की मलारना डूंगर, कुशलपुर, गुप्तेश्वर, गंगापुर सिटी रेंज के अमरगढ़, सिंथोली, गंगापुर सिटी, टटवाड़ा आदि नर्सरियों में 17 लाख से अधिक छायादार, फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे तैयार कर पौधे तैयार कर वितरित किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि सभी विभाग एवं आमजन नर्सरियों में जाकर निर्धारित दरों पर 2 फिट तक के पौधे 5 रूपये से लेकर 10 फिट तक का पौधा अधिकतम 105 रूपये में प्राप्त कर सकते है। औषधीय गुणों से युक्त मोरिंगा/सहजन का पौधा 8 एवं 15 रूपये एवं इमारती लकड़ी सागवान का पौधा 15 रूपये में प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि लिंक https://aaranyak.forest.rajasthan.gov.in/CitizenPurchase/CitizenPlantPurchase?UserTypeId=1 के माध्यम से भी नर्सरियों से ऑनलाईन पौधे आरक्षित कर खरीदे जा सकते है।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, राजीविका प्रबंधक डॉ. सरोज बैरवा, उप निदेशक उद्यानिकी डॉ. हेमराज मीना, नगर परिषद आयुक्त नरसी मीना, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरि सिंह मीना सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story