राजस्थान

Madhopur: नीमोद में जीएसटी बचत उत्सव और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

Tara Tandi
10 Oct 2025 4:04 PM IST
Madhopur: नीमोद में जीएसटी बचत उत्सव और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
x
Madhopur माधोपुर: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर की ओर से ग्राम नीमोद में जीएसटी बचत उत्सव और पोषण माह को लेकर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत नीमोद की सरपंच गुलबाई देवी मीना ने कार्यक्रम को बहुत उपयोगी एवं सार्थक बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीण जनो मे जागरूकता आती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक करने चाहिए जिससे गांव में रहने वाली भोली-भाली जनता का कोई शोषण नहीं कर सके और गांव के लोग सरकार की योजनाओं का जागरूक होकर अधिक से अधिक लाभ ले सके।
कार्यक्रम में आयुष विभाग निमोद के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय शंकर गौतम ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के मानसिक स्वास्थ्य एवं मोबाईल के उपयोग से उस पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में दर्शकों को जानकारी देते हुए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं- मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, जननी शिशु सुरक्षा योजना, उजाला क्लिनिक, लाड़ो प्रोत्साहन योजना आदि के बारे में भी उपस्थित जनसमूह को जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की सुमित्रा शर्मा ने उचित पोषण और गुणवत्ता पूर्ण भोजन करने पर जोर दिया। उन्होंने उम्र के अनुसार छोटे बच्चों से किशोर किशोरी में आने वाले बदलाव के अनुरुप भोजन करने और स्वच्छता पर ध्यान देने की बात कही। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद मीणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के भैरू शंकर व्यास एवं धारा सिंह मीणा ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम के आरंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी अधिकारी नेमीचंद मीणा ने जीएसटी बचत उत्सव और पोषण माह के तहत आयोजित किये जा रहे। कार्यक्रमों और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जनसमूह को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से जीएसटी के 12 व 28 टैक्स स्लैब को खत्म कर दिया गया है दवाइयां एवं स्टेशनरी पर जीएसटी को पूर्ण रूप से हटा लिया गया है जो की एक ऐतिहासिक कदम है। मीणा ने विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों तथा जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत जागरुकता रैली, संगोष्ठी, प्रदर्शनी पौष्टिक आहार प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को जीएसटी बचत उत्सव, पोषण माह सहित विभिन्न जानकारियां दी गई। कार्यक्रम में गीत एवं नाटक प्रभाग से पंजीकृत चारभुजा कला मंडल नागौर के लोक कलाकारों द्वारा केंद्रीय योजनाओं पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ब्यूरो की ओर से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में शामिल स्कूली विद्यार्थी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाओं, आमजन, को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
Next Story