राजस्थान

Madhopur: स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

Tara Tandi
22 July 2025 6:37 PM IST
Madhopur: स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
x
Madhopur माधोपुर: स्वाधीनता दिवस समारोह (15 अगस्त, 2025) मनाये जाने एवं आयोजन की पूर्व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, समन्वित एवं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं ताकि आमजन को श्रेष्ठ अनुभव मिल सके।
जिला कलक्टर ने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 8ः15 बजे जिला कलक्टर निवास, 8ः30 बजे जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं प्रातः 9ः00 बजे जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी राजकीय, अर्द्धसरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में भी ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाईन परेड ग्राउंड पर आमजन के बैठने, पेयजल, टेंट, माइक, ध्वज एवं ध्वजारोहण, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा, विद्युत, सुरक्षा, पार्किंग, पास, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं हेतु संबंधित अधिकारियों को सटीक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नगर परिषद, पीएचईडी, चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग सहित सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शहीद वीरांगनाओं व स्वतंत्रता सैनानियों के आश्रितों को ससम्मान निमंत्रण देने के निर्देश सभी संबंधित तहसीलदारों को दिए।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह में आरएसी व पुलिस बल द्वारा मार्च पास्ट, मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण, शहीद वीरांगनाओं व सैनिक आश्रितों का सम्मान, विद्यार्थियों द्वारा व्यायाम प्रदर्शन, नृत्य, गायन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो कार्यक्रमों की सांस्कृतिक अनुरूपता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे।
5 अगस्त तक भिजवाए प्रस्ताव :- जिला कलक्टर ने श्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रशंसा पत्र हेतु विशेष उपलब्धियां सहित स्पष्ट अभिशंषा के साथ प्रस्ताव 5 अगस्त, 2025 तक भिजवाने के निर्देश दिए। प्रस्ताव भिजवाने से पूर्व विभागीय जांच एवं गत 3 वर्ष से सम्मानित सहित अन्य दिशा निर्देशों की जांच आवश्यक रूप से करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त के पश्चात प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, सीओं सिटी उदय सिंह, नगर परिषद आयुक्त नरसी मीना, तहसीलदार नीरू सिंह, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरि सिंह मीणा, सीएमएचओं डॉ. अनिल कुमार जैमिनी सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Next Story