राजस्थान

Madhopur: जिला कलेक्टर ने पूर्ण सावधानी के साथ बोर्ड परीक्षा सम्पन्न

Tara Tandi
3 March 2025 5:00 PM IST
Madhopur: जिला कलेक्टर ने पूर्ण सावधानी के साथ बोर्ड परीक्षा सम्पन्न
x
Madhopur माधोपुर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की उच्च माध्यमिक परीक्षा एवं माध्यमिक परीक्षा 6 मार्च से शुरू होगी। बोर्ड परीक्षा के आयोजन में पारदर्शिता एवं सुचिता सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर शुभम चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परीक्षा संचालन समिति की बैठक सोमवार को कलक्टर कक्ष में आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने कहा कि परीक्षा में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, गोपनीयता एवं पारदर्शिता सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बोर्ड से प्राप्त आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। प्रश्न-पत्र थाने या चौकी में डबल लॉक में रखे जाए। पुलिस के सहयोग से परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहेंगे। परीक्षा के दौरान मोबाइल पार्टियॉं लगातार निरीक्षण करेंगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं अनियमितता नहीं बरती जाये। कोई भी कार्मिक लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही होगी।
जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने कहा कि पेपर सहित अन्य सामग्री को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम से परीक्षा केन्द्र तक ले जाने तथा परीक्षा के बाद इन्हें संग्रहण केन्द्र पर जमा करने में अचूक सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा ने परीक्षा की तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी से जिला कलक्टर को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उच्च माध्यमिक परीक्षा 6 मार्च से 9 अप्रैल 2025 तक आयोजित होगी। इसी तरह माध्यमिक परीक्षा 6 मार्च से 4 अप्रैल 2025 तक होगी। परीक्षाओं का आयोजन 6 मार्च से प्रातः 8ः30 बजे से 11ः45 बजे तक होगा।
जिले के 99 परीक्षा केन्द्रों पर 37 हजार 663 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जिनमें उच्च माध्यमिक के 17 हजार 875 एवं माध्यमिक के 19 हजार 788 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि जिले में 1 अतिसंवेदनशील, 5 संवेदनशील केन्द्र सहित 20 निजी केंद्रो पर सीसीटीवी एवं अन्य परीक्षा केन्द्रों पर वीडियोग्राफी के माध्यम से भी निगरानी होगी। परीक्षा में निगरानी के लिए उड़न दस्ते, पर्यवेक्षक एवं माइक्रो ऑब्जर्वर्स की पूरी टीम तैनात रहेगी।
बोर्ड परीक्षा के संबंध में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम 7976562418 एवं 9024116736 स्थापित किया गया है। यह 9 अप्रैल तक 24 घण्टे कार्यरत रहेगा। परीक्षा संबंधी किसी प्रकार की शिकायत के लिए दिए गए दूरभाष नंबरों पर सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते है।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, कोषाधिकारी कुलदीप मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरकेश लाल मीणा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक मंजुलता जैन, एडीईओं एजाज अली सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story