राजस्थान

लोकसभा चुनाव: स्वीप गतिविधियों में नवाचार के निर्देश

Tara Tandi
21 March 2024 6:53 PM IST
लोकसभा चुनाव: स्वीप गतिविधियों में नवाचार के निर्देश
x
कोटा । आगामी लोकसभा आम चुनाव 2024 के लिए मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ रविन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन 75 के अन्तर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र पर न्यूनतम 75 प्रतिशत मतदान के लक्ष्य की जानकारी देते हुए स्वीप गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
निर्वाचन अधिकारी ने कहा कम वोटिंग वाले समस्त बूथ पर शिक्षा, आईसीडीएस एवं चिकित्सा विभाग आपसी समन्वय के साथ रणनीति बनाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रयास करें। उन्होंने निगम, यूआईटी, पर्यटन विभाग को आदेशित किया की त्यौहार के मौसम में अधिक पर्यटक एवं लोगों के आने वाले स्थानो पर मतदाता जागरूकता का संदेश एवं कार्यक्रम अधिकाधिक संख्या में आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा, होली एवं राजस्थान दिवस के मौके पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों से मतदान के लिए संकल्प पत्र भरवा जाएं साथ ही समस्त विभाग अपने कार्मिकों एवं उनके परिवारजन द्वारा वीएचए एवं सी विजिल ऐप डाउनलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला स्वीप नोडल अधिकारी को निर्देश दिया कि वह ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में नारे लिखवा कर एवं वॉल पेंटिंग के माध्यम से मतदाताओं में मतदान जागरूकता अभियान चलाएं।
शहरी क्षेत्र में मतदाताओं की उदासीनता को तोड़ने के लिए एवं युवाओं को जोड़ने के लिए स्वीप गतिविधियों में नवाचार एवं रोचकता अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा नवाचारों के माध्यम से नव मतदाताओं को जागरूकता अभियान में जोड़ा जाए। हेला टोली के कार्याे में भी नवाचार के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों में विद्यार्थियों द्वारा माता-पिता को मतदान डालने हेतु पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाए एवं विजेता विद्यार्थियों को ब्लॉक एवं जिला स्तर पर सम्मानित किया जाए। शत प्रतिशत मतदान के लिए शहरी क्षेत्र में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, एनजीओ एवं मर्चेंट एसोसिएशन आदि के साथ समन्वय स्थापित कर उनको इस अभियान से जोड़कर आम जनता को मतदान के लिए जागरूक किया जाए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को विशेष निर्देश दिए कि दिव्यांगजन वरिष्ठ नागरिक, किन्नर समाज के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएं एवं प्रत्येक बूथ पर, व्हीलचेयर, दिव्यांग मित्र इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वीप की समस्त गतिविधियों के अच्छे फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाएं ताकि डिजिटल क्रांति के दौर में अधिकतम लोगों तक मतदान का संदेश पहुंचाया जा सके।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला बनाने के लिए विभागों को निर्देश प्रदान किये।
जिला स्वीप नोडल अधिकारी अशोक त्यागी ने सभी संबंधित विभागो को स्वीप गतिविधियों में नवाचार करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए। बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी चारू मित्रा सोनी, स्वीप कॉर्डिनेटर, जिला ईएलसी नोडल (स्कूल/कॉलेज) जिला पीडब्ल्यूडी नोडल अधिकारी विभिन्न विभाग के स्वीप इंचार्ज, एनजीओ के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
Next Story