राजस्थान

Kota: निगम व केडीए अभियंताओं को चेतावनी, कार्यों की गुणवत्ता से नहीं हो समझौता

Tara Tandi
27 Jun 2025 7:00 PM IST
Kota: निगम व केडीए अभियंताओं को चेतावनी, कार्यों की गुणवत्ता से नहीं हो समझौता
x
Kota कोटा जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया ने कहा कि शहर में हो रहे विकास कार्यों से जुड़े नगर निगम एवं केडीए के अभियंता गंभीरता से कार्य करते हुए क्वालिटी वर्क पर ध्यान दें। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की डीपीआर तैयार करने वाली कंसलटेंसी फर्मों को कार्य की गति बढ़ाने की हिदायत दी। साथ ही, जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका ऑपरेशन एण्ड मेंटीनेंस (ओ एण्ड एम) संभालने वाली कंस्ट्रक्शन फर्मों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मथुराधीश मंदिर परिक्रमा पथ एवं डाढ़देवी मंदिर के विकास कार्यों जैसी बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक रूप से देरी नहीं की जाए।
श्री समारिया शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोटा शहर में प्रस्तावित एवं वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों को लेकर नगर निगम उत्तर-दक्षिण, कोटा विकास प्राधिकरण एवं स्मार्ट सिटी, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी से जुड़े अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केडीए एवं निगम अधिकारियों से पूछा कि वर्तमान में कितनी डीपीआर बन रही हैं और उनका क्या स्टेटस है? केडीए अधिकारियों ने बताया कि बजट घोषणाओं में मथुराधीश मंदिर एवं डाढ़देवी मंदिर विकास कार्यों की डीपीआर तैयार कर पर्यटन विभाग को भेज दी गई है। केडीए इन कार्यों में वर्किंग एजेंसी की भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की एप्रोच रोड का कार्य पूर्ण कर दिया गया है।
जिला कलक्टर ने कहा कि विकास कार्यों की डीपीआर बना रही कंसलटेंसी फर्म एवं कार्यरत कॉन्ट्रेक्टर्स के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दें। श्री समारिया ने बड़े तालाबों के जीर्णाेद्धार से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर डीएलबी को भेजने के निर्देश दिए। अमृत मित्र योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए।
पौधारोपण की क्या तैयारियां हैं?
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने वन विभाग, नगर निगम, पंचायती राज विभाग, केडीए एवं अन्य विभागों को दिए गए लक्ष्यों एवं पूर्व तैयारी के तहत खोदे गए गड्ढों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नर्सरियों में पौधे समय पर तैयार करने के भी निर्देश दिए। पीएम आवास योजना के तहत निर्मित आवासों एवं लाभार्थियों को किश्त भुगतान के बारे में उन्होंने निगम एवं केडीए से जानकारी ली। नगर निगम उत्तर आयुक्त अशोक त्यागी ने बताया कि पीएम आवास योजना 1.0 के तहत 713 में से 239 ही बाकी हैं। जिनके कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं उन्हें समझाया जा रहा है कि किश्त की राशि प्राप्त करने के लिए अपने आवास पूर्ण कराएं। केडीए अधिकारियों ने बताया कि 472 लाभार्थियों को पीएम आवास योजना के तहत प्रथम किश्त दे दी गई है।
सीवरेज कार्यों की गति बढ़ाएं
श्री समारिया ने अमृत योजना के तहत कराए जा रहे सीवरेज कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम उत्तर से अमृत योजना में अभी तक हुए सीवरेज लाइन के कार्यों की जानकारी ली। जिला कलक्टर ने आरयूआईडीपी द्वारा फेज 1 एवं फेज 3 के तहत निगम को हस्तांतरित सीवरेज लाईनों की ओ एण्ड एम के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर में चल रहे सीवरेज कार्य निगम एवं केडीए के समन्वय से समय पर पूरे किए जाएं। केडीए अधिकारियों से उन्होंने प्रॉपर्टी कनेक्शन की वर्तमान स्थिति के बारे में पूछा। साथ ही, निगम अधिकारियों से सिटी में ड्रेनेज के प्लान के बारे में भी जानकारी ली।
बैठक में डीएफओ अपूर्व श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईएएस अनुराधा चौहान, अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला, नगर निगम उत्तर आयुक्त अशोक त्यागी, एडीएम सिटी अनिल सिंघल, केडीए सचिव कुशल कोठारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Next Story