राजस्थान

कोटा रेल मंडल की बड़ी उपलब्धि, 19वीं बार शत-प्रतिशत समयपालन

Admindelhi1
12 Nov 2026 2:35 PM IST
कोटा रेल मंडल की बड़ी उपलब्धि, 19वीं बार शत-प्रतिशत समयपालन
x
पश्चिम मध्य रेलवे की उपलब्धि, कोटा मंडल का शानदार समयपालन

काेटा: पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के समयपालन में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 नवंबर 2026 को 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया। इसके साथ ही मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 19वीं बार शत-प्रतिशत समयपालन की उपलब्धि दर्ज की है। यह उपलब्धि मंडल की बेहतर परिचालन व्यवस्था, प्रभावी निगरानी और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय का परिणाम है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने आज बताया कि कोटा मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष में मई माह में तीन बार, जून में एक बार, अगस्त में सात बार, सितंबर में छह बार तथा अक्टूबर और नवंबर में एक-एक बार 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया है। विशेष रूप से अगस्त और सितंबर के दो महीनों में कुल 13 बार शत-प्रतिशत समयपालन दर्ज किया गया।

कोटा मंडल ने 04, 05 एवं 27 मई, 29 जून, 08, 13, 19, 20, 22, 25 एवं 29 अगस्त, 01, 02, 12, 13, 15 एवं 17 सितंबर, 29 अक्टूबर तथा 10 नवंबर 2026 को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया।

ट्रेनों के समयबद्ध संचालन की इस उपलब्धि में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में परिचालन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नियंत्रण कक्ष द्वारा ट्रेनों की निरंतर निगरानी, स्टेशनों पर प्रभावी परिचालन प्रबंधन तथा फील्ड कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय से रेलगाड़ियों का सुचारू एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इससे यात्री अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं तथा निर्धारित समय पर गंतव्य पहुंचने के साथ आगे की कनेक्टिंग ट्रेनों एवं अन्य परिवहन सुविधाओं का लाभ अधिक सुगमता से उठा सकते हैं।

Next Story