राजस्थान

कोटा मानसून अपडेट, तापमान में उतार-चढ़ाव शुरू

Admin4
29 Sep 2023 12:15 PM GMT
कोटा मानसून अपडेट, तापमान में उतार-चढ़ाव शुरू
x
कोटा। राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। अब पश्चिमी राजस्थान में बारिश होने की उम्मीद कम है। एंटी साइक्लोन बनने से प्रदेश में मौसम बदल गया। दिन में जहां तेज गर्मी रहने लगी, वहीं रात में अब ठंडक बढ़ गई। सीकर में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। फलोदी में तो दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम के इस उतार-चढ़ाव और बदलाव से अब मौसमी बीमारियां जैसे वायरल इंफेक्शन, बुखार, खांसी-जुकाम के मरीज भी बढ़ने लग गए।
उधर, पिछले 24 घंटे में राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बारिश हुई। गुरुवार दोपहर बाद बांसवाड़ा, उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, जालोर, डूंगरपुर, पाली और बारां में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बरसात बांसवाड़ा के दानपुर में 51MM बारिश हुई। इधर, पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, फलोदी में कल गर्मी भी तेज रही। फलोदी में दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में भी कल दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन जिलों के अलावा बीकानेर-बाड़मेर में 38, गंगानगर,पिलानी में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
दिन में गर्मी बढ़ने के साथ अब रात में ठंडक बढ़ गई। ग्रामीण इलाकों में अल सुबह लोगों को गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है। सीकर में कल रात का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह अमूमन नवंबर के शुरुआती महीने में रहता है। चूरू और पिलानी में भी कल रात का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जयपुर, अजमेर, अलवर, बीकानेर में भी रात का तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। राजस्थान में मानसून की अब तक की स्थिति देखें तो सामान्य से 15 फीसदी ज्यादा बरसात हो चुकी है। प्रदेश में 1 जून से 28 सितंबर तक औसत बारिश 434MM होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 499MM बारिश हो चुकी है। पूर्वी राजस्थान के 23 जिलों की स्थिति देखें तो यहां अलवर, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर और टोंक में सामान्य से कम बारिश हुई है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के 10 जिलों में से हनुमानगढ़ में सामान्य से कम बारिश हुई है।
Next Story