Kota: सड़क हादसे में टूटा परिवार, मां-बेटी की मौत, दो घायल

कोटा: जिले के इटावा थाना इलाके में ट्रैक्टर पलटने का मामला सामने आया है. इस हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई है, जबकि पिता व पुत्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए इटावा अस्पताल लाया गया. जहां से कोटा रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौका स्थल और इटावा अस्पताल पहुंची, जहां पर मौका मुआयना किया गया. दूसरी तरफ दोनों मृतकों के शव को मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया है, जहां पर पंचनामे के बाद शव के पोस्टमार्टम की तैयारी है.
मृतक और घायल इटावा के गैंता गांव निवासी हैं.इटावा थाना अधिकारी संदीप बिश्नोई ने बताया कि यह लोग अपने खेत से बाहर आ रहे थे और नहर के समानांतर सड़क पर ट्रैक्टर चल रहा था. संभवत बारिश के चलते कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर फिसल गया और अनियंत्रित होकर ढलान से नीचे उतर गया और सड़क से करीब 8 से 10 फीट नीचे जाकर पलट गया. इसमें सवार चारों ट्र्रैक्टर के नीचे दब गए. जिनमें 6 साल की मीनाक्षी व 41 साल की मां रानी बाई की मौत हो गई है. जबकि 45 साल के पिता मोहनलाल और 13 वर्षीय पुत्र घायल हो गए हैं.
हादसा बुधवार दोपहर 3:30 के आसपास हुआ है. दूसरी तरफ बारिश के सीजन को देखते हुए आगामी फसल की तैयारी कर रहे इस परिवार के साथ हुए हादसे के बाद पूरे ग्रामीण गमजदा हो गए हैं. थाना अधिकारी संदीप बिश्नोई का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।





