राजस्थान

Kota: कोटा उत्तर नगर निगम को विस्तार करने का फैसला

Admindelhi1
28 March 2025 3:32 PM IST
Kota: कोटा उत्तर नगर निगम को विस्तार करने का फैसला
x
विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन

कोटा: स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास विभाग द्वारा कोटा उत्तर नगर निगम को विस्तार करने का फैसला लिया गया है। इसके संबंध में विभाग ने गुरुवार को नोटिफिकेशन जारी कर यह जानकारी दी कि कैथून नगर पालिका क्षेत्र के साथ-साथ अब आसपास की ग्राम पंचायतों को भी नगर निगम में शामिल किया जाएगा।

विभाग के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इसके तहत कैथून नगर पालिका क्षेत्र, ग्राम पंचायत खेड़ा रसूलपुर और आरामपुरा का पूरा इलाका कोटा नगर निगम के दायरें में जोड़ा गया है। साथ ही ग्राम पंचायत भीमपुरा का राजस्व गांव भीमपुरा को भी इसमें शामिल किया गया है।

6 महीने पहले उठी थी मांग

बता दें कि लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने लगभग छह महीने पहले स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा और राज्य सरकार के सामने यह मांग उठाई थी। इस संबंध में उन्होंने सीएम को पत्र भी लिखा था। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से रिपोर्ट मांगी गई थी। रिपोर्ट आने के बाद अब यह फैसला लिया गया है।

अध्यक्ष और सरपंच के पद हो जाएंगे खत्म

कैथून नगर पालिका में कुल 25 वार्ड थे। ऐसे में फैसले के अनुसार अब यह नगर पालिक खत्म हो जाएंगी। वैसे भी कैथून नगर पालिका का कार्यकाल इस साल नवंबर में खत्म होने वाला था, हालांकि उससे पहले राज्य सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है। जिसमें अब कैथून नगर पालिका के साथ खेड़ा रसूलपुर और आरामपुरा ग्राम पंचायत भी भंग हो जाएगी। इससे नगर पालिका के अध्यक्ष और सरपंच के पद भी खत्म हो जाएंगे।

कांग्रेस ने किया फैसले का विरोध

राज्य सरकार के इस फैसले का विरोध जताते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कैथून की जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है। अब से लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए 17 किलोमीटर दूर कोटा शहर जाना पड़ेगा। साथ ही राजनीतिक दुर्भावना अवस्था का भी आरोप लगाया जा रहा है।

Next Story