Kota: नगर निगम दक्षिण के कांग्रेस पार्षदों ने किया निगम आयुक्त का घेराव

कोटा: नगर निगम दक्षिण वार्ड में निर्माण में हो रहे भेदभाव को लेकर बुधवार को कांग्रेस पार्षदों ने नाराजगी जताई। इस संबंध में उन्होंने निगम दक्षिण आयुक्त अनुराग भार्गव का घेराव भी किया। उप महापौर पवन मीना के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम भाजपा पार्षदों को प्राथमिकता दे रहा है और भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपए के टेंडर जारी कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस पार्षदों के वार्ड अभी भी विकास कार्यों से वंचित हैं। निर्धारित समय में टेंडर अपलोड नहीं होने पर कांग्रेस पार्षदों ने मुख्यमंत्री के कोटा आगमन पर निगम के बाहर धरना व प्रदर्शन करने की धमकी दी।
कोटा नगर निगम (दक्षिण) के उप महापौर पवन मीना ने बताया कि दिसंबर में कांग्रेस पार्षदों ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने जल्द ही टेंडर जारी करने का वादा किया था, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई टेंडर जारी नहीं किया गया है। इससे साफ पता चलता है कि नगर निगम प्रशासन कांग्रेस पार्षदों के वार्डों के साथ भेदभाव कर रहा है। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यह अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह विरोध 28 मार्च को जनता के साथ शुरू होगा और 29 मार्च को मुख्यमंत्री के सामने किया जाएगा। यदि कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
उधर, निर्माण समिति के चेयरमैन इसरार मोहम्मद ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों के वार्डों की जानबूझकर अनदेखी की जा रही है। भाजपा पार्षदों के वार्डों में काम चल रहा है, लेकिन हमारे वार्डों को बंद किया जा रहा है और हारे हुए भाजपा प्रत्याशियों से प्रस्ताव लेने की बात हो रही है। यह लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ है। यदि टेंडर तुरंत अपलोड नहीं किया गया तो हम उग्र आंदोलन करेंगे।
कमिश्नर का घेराव करने वालों में पार्षद शालिनी गौतम, कुलदीप गौतम, जरीना बादशाह खान, धनराज चेची, कुलदीप प्रजापति, साहिब हुसैन, शाहिना इरफान घोसी, तबस्सुम आसिफ मिर्जा, पिंकी किशन प्रजापति, सोनू अब्बासी, सलीना सलीम शेरी, ऐश्वर्या शिरंगी, सोनू भील, अनुराग गौतम और शीला प्रफुल्ल पाठक मौजूद थे।





