राजस्थान

Kota: कलेक्टर की वीडियो बैठक: अंत्योदय कार्यक्रम के प्रभावी संचालन पर हुई चर्चा

Tara Tandi
26 Jun 2025 5:48 PM IST
Kota: कलेक्टर की वीडियो बैठक: अंत्योदय कार्यक्रम के प्रभावी संचालन पर हुई चर्चा
x
Kota कोटा । जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों की बैठक ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं जनसेवाओं की सुनिश्चित उपलब्धता को लेकर दिशा-निर्देश देना रहा।
राजस्व संबंधी प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जोर
कलक्टर ने कहा कि शिविरों में रास्तों के प्रकरण, आपसी सहमति से बंटवारे, सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी जैसे राजस्व विभाग से संबंधित मामलों का प्राथमिकता से त्वरित निस्तारण किया जाए ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके।
शिविरों में अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश
उन्होंने निर्देश दिए कि उपखंड अधिकारी शिविरों की सतत निगरानी करें, शिविर स्थल का नियमित निरीक्षण करें और राजस्व विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों की सेवाओं को एकीकृत करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि वंचित पात्र लाभार्थियों की सूची पूर्व में तैयार होकर गांव-गांव तक पहुंचे और उन्हें शिविर में आमंत्रित किया जाए।
शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
कलक्टर ने कहा कि सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों को मिशन मोड में संचालित कर शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जाए ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी शिविरों तक पहुंच सकें।
अन्त्योदय संबल पखवाड़ा शिविरों में बहुविभागीय सेवाएं उपलब्ध
प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में दो से तीन ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, ऊर्जा, जलदाय, कृषि, वन, खाद्य, स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता आदि विभागों की 60 से अधिक जनोपयोगी सेवाएं आमजन को एक ही स्थान पर प्रदान की जाएंगी।
हरियालो राजस्थान अभियान को मिले गति
बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्य को मिशन मोड में करने के निर्देश भी दिए गए। कलक्टर ने कहा कि संबंधित विभाग गड्ढों की खुदाई समय पर पूर्ण करें, पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करें और नियत स्थानों पर समयबद्ध ढंग से पौधारोपण कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक विभाग पौधों की सिंचाई, देखभाल और संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि लगाए गए पौधे जीवित रह सकें और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को पूरा किया जा सके।
बैठक में शिविर द्वारा राजस्व विभाग एवं पंचायती राज विभाग के कार्यों एवं दी जा रही सेवाओं की व्यापक समीक्षा भी की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) मुकेश चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद राजपाल सिंह, लाडपुरा उपखंड अधिकारी गजेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
---00---
Next Story