राजस्थान

Kota: नेशनल हाईवे पर अहमदाबाद से भिंड जा रही बस पलटी

Admindelhi1
15 Feb 2025 9:01 AM IST
Kota: नेशनल हाईवे पर अहमदाबाद से भिंड जा रही बस पलटी
x
"24 घंटों में दूसरा सड़क हादसा"

कोटा: जिले में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया जब अहमदाबाद से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही एक स्लीपर बस पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए कोटा एमबीएस अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से बस को सीधा कर यातायात बहाल कराया।

सिमलिया थाने के एएसआई शिवराज ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि नेशनल हाईवे 27 पर पोईकला गद्दा फैक्ट्री के पास एक बस पलट गई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बस चालक को अचानक नींद आ गई, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

24 घंटे में दूसरी बड़ी दुर्घटना: गुरुवार को भी सिमलिया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्लीपर बस हाईवे पर खड़े ट्रेलर से टकरा गई। यह दुर्घटना दिल्ली-मुंबई 8-लेन राजमार्ग पर हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। पुलिस जब दुर्घटना की जांच कर रही थी, तभी 24 घंटे में दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना घट गई।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही, लंबी दूरी की यात्रा करने वाले बस चालकों को पर्याप्त आराम करने की सलाह दी गई है ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Next Story