राजस्थान

Khairthal-Tijara : केंद्रीय मंत्री ने भिवाड़ी में सांसद सुविधा केंद्र का किया उद्घाटन

Tara Tandi
13 Aug 2024 2:13 PM GMT
Khairthal-Tijara : केंद्रीय मंत्री ने भिवाड़ी में सांसद सुविधा केंद्र का किया उद्घाटन
x
Khairthal-Tijaraखैरथल-तिजारा । आमजन में देशभक्ति की भावना का संचार करने के लिए सरकार द्वारा हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है इसके उपलक्ष्य में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं सांसद श्री भूपेंद्र यादव ने विशाल तिरंगा यात्रा को झंडा दिखाकर यात्रा आरंभ कर यात्रा में सम्मिलित हुए। तिरंगा यात्रा में राज्य पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री संजय शर्मा, तिजारा विधायक महंत बालक नाथ, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर सहित अन्य
जनप्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
देश भक्ति से गुंजायमान हुआ तिरंगा रैली मार्ग
बाइक चालकों के साथ ही अन्य सभी ने हाथों में तिरंगा लिए हुए पूरे मार्ग में देशभक्ति के गीतों का प्रसारण कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सा कर दिया। यह तिरंगा रैली मनसा चौक से होकर भिवाड़ी मोड़ होते हुए अपने गंतव्य स्थान कार्यालय रीको यूनिट द्वितीय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली का समापन भारत माता की जय घोष के साथ किया। यात्रा में सैकड़ो की संख्या में स्थानीय लोगों ने बाइक, ट्रैक्टर, जेसीबी पर सवार होकर भाग लिया। यात्रा के दौरान बुलडोजर से पुष्प वर्षा की गई।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सहित राज्य पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री, विधायक तिजारा ने रीको यूनिट द्वितीय कार्यालय में सांसद सुविधा केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रातः 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आमजन की सेवा के लिए खुला रहेगा।
केंद्रीय मंत्री श्री यादव ने कहा कि देशभर में आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान 2024 प्रगतिशील भारत के लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को याद करने और जश्न मनाने के लिए भारत सरकार की ओर से की जाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव भारत की जनता को समर्पित है, जिन्होंने न केवल भारत को उसकी विकास यात्रा में आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि उनके भीतर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और सक्रिय करने के दृष्टिकोण को संभव बनाने की शक्ति और क्षमता भी है, जो आत्मनिर्भर भारत की भावना से प्रेरित है।
केंद्रीय वन मंत्री श्री यादव ने कहा धरती को हरा भरा करने के लिए हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक पेड़ मां के नाम अभियान को चला रहे हैं । उन्होंने कहा कि उनकी पिछली यात्रा में उन्होंने अलवर में एक साथ 8000 पेड़ लगाए तथा देशभर में करोड़ों पेड़ लगाए गए है। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आमजन से बाबा मोहनराम क्षेत्र में एक वृक्षारोपण अभियान चलाकर संघन वृक्षारोपण करने की बात कही।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि जिले का विकास हमारी प्राथमिकता का विषय रहेगा जिसके तहत भिवाड़ी में स्कूल, हॉस्टल, स्किल डेवलपमेंट सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने जल एवं पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा करते हुए कहा कि हमें जल संसाधनों का उचित उपयोग करना होगा ताकि भविष्य में जल समस्या से ना जूझना पड़े।
राज्य पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री संजय शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान-2024 भारत को आजाद कराने वाले स्वतंत्रता सैनानियों के बलिदानों के गौरवमयी इतिहास, भारत की सांस्कृतिक-ऐतिहासिक विरासत एवं देश के विकास प्रगति को दर्शाने के साथ-साथ आजादी के आन्दोलन के इतिहास को याद करने और जश्न मनाने के लिए भारत सरकार की ओर से यह एक अनूठी पहल है। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 7 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य संपूर्ण राजस्थान की जनता को दिया जिसको विभिन्न अभियानों द्वारा राज्य भर में पूरा किया जा रहा है।
आयोजन के दौरान जिला कलेक्टर डाॅ. आर्तिका शुक्ला, जिला अध्यक्ष उम्मेद भाया, संजय नरूका, संदीप दायमा, मामन यादव, फतेह सिंह, तिजारा प्रधान जेपी यादव, अध्यक्ष नगर परिषद शीशराम तंवर, बने सिंह, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा अभय सिंह भूरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहे।
Next Story