राजस्थान

Khairthal-Tijara: मुख्यमंत्री वृक्षारोपण अभियान के तहत जिले में लगाए जाएंगे 1 लाख 30 हजार पौधे

Tara Tandi
5 Aug 2024 1:57 PM GMT
Khairthal-Tijara: मुख्यमंत्री वृक्षारोपण अभियान के तहत जिले में लगाए जाएंगे 1 लाख 30 हजार पौधे
x
Khairthal-Tijara खैरथल-तिजारा। आगामी 7 अगस्त, हरियाली तीज के अवसर पर इस बार पूरे प्रदेश में 'हरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगभग 2 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस क्रम में अभियान का जिला स्तर पर आयोजन कर 1 लाख 30 हजार पौधे लगाए जाएंगे। जिले में चारागाह भूमि, सड़क किनारे, विद्यालयों, अमृत सरोवर, जल स्रोतों के किनारे पौधारोपण कर जिले को हरा-भरा बनाया जाएगा।
जिला कलेक्टर शुक्ला ने बताया कि खैरथल-तिजारा में अभियान का जिला स्तरीय आयोजन चारागाह विकास केंद्र, ग्राम पंचायत नंगली ओझा, मुंडावर में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो पौधे लगाए जाएं, उन्हें बचाना भी जरूरी है इसलिए उन्होंने लगाए जा रहे सभी पौधों की जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि समय-समय पर इनका निरीक्षण किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी पौधों की जानकारी हरियालो राजस्थान ऐप पर अपलोड की जाए। उन्होंने इस अभियान में जन सहभागिता को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में सभी जगह पौधों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए ताकि अभियान को अधिकतम सफल बनाया जा सके और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की जा सके।
लहरिया परिधानों में मनाएंगे हरियालो राजस्थान उत्सव
हरियाली तीज का त्योहार राजस्थानी महिलाओं में विशेष महत्व रखता है। जिला कलक्टर ने कहा कि इस अवसर पर महिलाओं को लहरिया परिधान पहनकर पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राज्य बजट 2024-25 में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान के माध्यम से हर परिवार को जोड़ते हुए 7 करोड़ पौधे लगाने व पालन का लक्ष्य रखा गया है। इस क्रम को सतत रखने के लिए मल्टी सेक्टोरल प्रोग्राम के रूप में मिशन "हरियालो-राजस्थान" की घोषणा की गयी है।
मिशन 'हरियालो-राजस्थान- एक पेड़ मां के नाम' को साकार करने के लिए जिलेभर में हरियाली तीज के अवसर पर जिला स्तर, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों में सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर 1 लाख 30 हजार पौधे लगाये जायेगें। ब्लॉक स्तर पर यह आयोजन चारागाह ग्राम खोहरा पिपली ग्राम पंचायत कोलगांव किशनगढ़बास, वृक्षारोपण कार्य ग्राम इशरोदा तिजारा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान घीकाका कोटकासिम, नंगली ओझा मुंडावर में आयोजित किया जाएगा।
Next Story