राजस्थान

राजस्थान के पर्यटकों को केरल आमंत्रित, त्योहारों में पर्यटन बढ़ने की उम्मीद

Admindelhi1
16 Oct 2026 10:08 AM IST
राजस्थान के पर्यटकों को केरल आमंत्रित, त्योहारों में पर्यटन बढ़ने की उम्मीद
x
राजस्थान से केरल तक पर्यटन की राह, त्योहारों में घूमने का न्योता

जयपुर: दशहरा और दीपावली के पर्यटन सीजन को देखते हुए केरल पर्यटन विभाग ने राजस्थान सहित देश के प्रमुख राज्यों में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जयपुर में आयोजित कारोबारी बैठक में केरल के करीब 45 पर्यटन हितधारकों ने भाग लिया और स्थानीय यात्रा कारोबारियों के साथ छह रात-सात दिन के आकर्षक पर्यटन पैकेज साझा किए।

केरल के हरे-भरे पहाड़, समुद्र तट, बैकवाटर, वन्यजीव अभयारण्य, धार्मिक स्थल और खान-पान पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं। पर्यटन विभाग के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली तिमाही में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले घरेलू पर्यटकों की संख्या में 10.98 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ ने बताया कि सितंबर से नवंबर के बीच घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली और राजस्थान में कारोबारी बैठकें आयोजित की गई हैं। नवंबर में सूरत और नागपुर में भी बैठकें होंगी। प्रचार के लिए रोड शो, पर्यटन मेले और विभिन्न संचार माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है। राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को उद्योग का दर्जा देने की दिशा में भी कदम उठा रही है।

केरल पर्यटन ने 6 अक्टूबर को वायनाड के वैथिरी में ‘ब्रांड वायनाड’ पहल शुरू की। इसके तहत प्राकृतिक सुंदरता, कृषि, कॉफी, मसालों, पारंपरिक चावल, शहद, जनजातीय विरासत और ग्रामीण जीवन को पर्यटन से जोड़ा जाएगा। थिरुनेल्ली सर्किट, चेकाडी फार्म भ्रमण और कॉफी अनुभव जैसे कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। साथ ही ‘एन ऊरू’ विरासत गांव के विस्तार, जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना और स्थानीय आवास सुविधाओं के नवीनीकरण पर जोर दिया जाएगा।

केरल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही है। ‘रफ गाइड्स’ ने इसे वर्ष 2026 में घूमने के लिए दुनिया के शीर्ष 26 गंतव्यों में शामिल किया है। वहीं, ‘लोनली प्लैनेट’ की वर्ष 2026 के 25 सर्वश्रेष्ठ यात्रा अनुभवों की सूची में केरल की खान-पान संस्कृति को जगह मिली है। कोच्चि, तिरुवनंतपुरम, कोझीकोड और कन्नूर के हवाई अड्डों तक प्रमुख शहरों के रास्ते उड़ानों तथा रेल संपर्क की सुविधा से राजस्थान के यात्रियों के लिए केरल पहुंचना आसान होगा।

Next Story