राजस्थान

कटारिया 22 को लेंगे असम के राज्यपाल की शपथ, राजस्थान से जाएंगे सवा सौ लोग

Admin Delhi 1
15 Feb 2023 2:46 PM GMT
कटारिया 22 को लेंगे असम के राज्यपाल की शपथ, राजस्थान से जाएंगे सवा सौ लोग
x

जयपुर: असम के मनोनीत राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया 22 फरवरी को अपने पद की शपथ लेंगे। गुवाहाटी स्थित राजभवन में सुबह 11 बजे आयोजित समारोह में असम के मुख्य न्यायाधीश एन. कोटेश्वर सिंह उन्हें शपथ दिलवाएंगे। इससे पहले कटारिया 16 फरवरी को राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और विधायक पद से त्यागपत्र देंगे।

पहले जाएंगे उदयपुर

कटारिया राज्यपाल पद की शपथ लेने से पहले जयपुर से उदयपुर जाएंगे। वे 18 फरवरी से 20 फरवरी तक उदयपुर में रहेंगे। इस दौरान उनका विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की तरफ से अभिनंदन किया जाएगा।

चार्टर प्लेन आएगा लेने

कटारिया को लेने के लिए असम सरकार 12 सीटर चार्टर प्लेन भेजेगी। उनको लेने के लिए राजभवन में तैनात प्रमुख सचिव और परिसहाय आएंगे। कटारिया चार्टर प्लेन से 21 फरवरी को रवाना होंगे।

राजस्थान से जाएंगे सवा सौ लोग

कटारिया के शपथ ग्रहण समारोह में राजस्थान से करीब सवा सौ लोग शामिल होंगे। इनमें उनके परिजनों की संख्या लगभग 50 है। शेष लोगों में विभिन्न दलों के राजनेता और मित्रगण होंगे। असम में रहने वाले राजस्थानी प्रवासी भी इस समारोह में शिरकत करेंगे। असम राजभवन ने मेहमानों की सूची मांगी है, ताकि उनके रहने का इंतजाम किया जा सके।

निजी स्टाफ में पुराने लोगों को मौका

कटारिया के निजी स्टाफ में उनके पुराने लोगों को मौका मिलेगा। ऐसे अफसरों और कर्मचारियों की सूची भी तैयार की जा रही है।

Next Story