राजस्थान

जुबिन नौटियाल के गीतों से गुलजार होगी जयपुर की शाम

Admindelhi1
6 Nov 2026 10:18 AM IST
जुबिन नौटियाल के गीतों से गुलजार होगी जयपुर की शाम
x
न्यू ईयर 2027 पर जयपुर में जुबिन नौटियाल का जलवा

जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर में नए साल 2027 का स्वागत बॉलीवुड के लोकप्रिय पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल की सुरमयी प्रस्तुति के साथ होगा। 31 दिसंबर 2026 को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में भव्य लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में जुबिन नौटियाल अपनी लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे।

इस कार्यक्रम का आयोजन आरके इवेंट्स की ओर से किया जा रहा है। आयोजन के पोस्टर का विमोचन इवेंट आयोजक मेटेवर टेक्नोलॉजी की टीम के पंकज सिंह, अमित भारद्वाज और सुरेंद्र पाठक, इवेंट पार्टनर चरित्र इवेंट्स की टीम के अमित अग्रवाल तथा मीडिया सहयोगी गौरव प्रताप सिंह ने किया।

संयोजक राजू खंडेलवाल और रजत जोशी ने बताया कि कॉन्सर्ट में संगीत, मनोरंजन और आधुनिक तकनीक का शानदार संगम देखने को मिलेगा। इसके लिए भव्य मंच, अत्याधुनिक ध्वनि प्रणाली, आकर्षक रोशनी और विशेष दृश्य प्रभावों की व्यवस्था की जाएगी। जुबिन नौटियाल की लाइव प्रस्तुति इस शाम का मुख्य आकर्षण होगी।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में जयपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों संगीत प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को यादगार बनाने के लिए मेटेवर टेक्नोलॉजी अपनी तकनीकी विशेषज्ञता, रचनात्मक डिजाइन और पेशेवर आयोजन प्रबंधन का उपयोग करेगी। यह संगीतमय शाम वर्ष 2026 को विदाई देने और नए साल 2027 का उल्लास के साथ स्वागत करने का खास अवसर बनेगी।

Next Story