राजस्थान

जोधपुर: कारोबार शुरू करने के नाम पर युवक से 81 लाख की ठगी, पुलिस जाँच जारी

Admin Delhi 1
6 April 2022 10:10 AM GMT
जोधपुर: कारोबार शुरू करने के नाम पर युवक से 81 लाख की ठगी, पुलिस जाँच जारी
x

राजस्थान क्राइम न्यूज़: शहर के फर्नीचर की दुकान पर हुई जान पहचान के बाद एक युवक को कुछ लोगों ने खुद का कारोबार शुरू करने और बड़ा मुनाफा मिलने का झांसा देकर 81 लाख की ठगी कर ली। चायनीज आइटमों के कंटेनरों की नीलामी में होने वाला बड़ा मुनाफे के नाम पर यह ठगी की गई है। पीडि़त अपनी इतनी बड़ी जमापूंजी लुटाने के बाद अब पुलिस की शरण में पहुंचा और अब केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने बड़े स्तर पर हुई धोखाधड़ी में अब गहन अनुसंधान आरंभ किया है।

प्रतापनगर थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि इस बारे में कुड़ी भगतासनी के रहने वाले विशाल कुमार पुत्र विनोद कुमार गुर्जर ने मामला दर्ज करवाया है। इसका आरोप है कि वह पांच साल पहले शनिश्चर का थान के पास में एक फर्नीचर दुकान पर कार्य करता था। जहां पर हिमांशु परमार नाम का शख्स भी काम करता था। जिससे उसकी जानपहचान हो गई। कुछ समय तक काम करने के बाद हिमांशु परमार ने वहां से नौकरी छोड़ दी। बाद में वह कमला नेहरू नगर स्थित एक बड़े फर्नीचर व्यापारी की दुकान पर लग गया। दोनों के बीच पहचान होने के चलते हिमांशु परमार ने कहा कि दोनों काम के जानकार है तो ऐसे में किसी बड़े और खुद के कारोबार में लगते है। बड़ा मुनाफा होगा। तब हिमांशु ने अपने कुछ परिचितों से मिलवाया। इन लोगों ने बताया कि चायनीज आइटमों के कंटेनर देश विदेश में चलते है। जिनकी नीलामी बोली भी लगती है। नीलामी बोली उसके नाम से लगाने पर बड़ा मुनाफा होगा। वर्ष 2019 में हिमांशु ने बताया कि उसके पिता और भाई भी मुंबई में काम करते है। उनकी मदद से बड़ा लाभ कमाया जा सकता है। थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार परिवादी द्वारा इन लोगों के झांसे में आकर अलग अलग किस्तों में पिछले दो साल में 81 लाख रुपये दे दिए गए। मगर बाद में पता लगा कि इन लोगों ने ना तो कोई दुकान ले रखी है और ना ही कोई कंटेनर को नीलामी में खरीदा गया है। इस बारे में बात करने पर वे टालमटोल जवाब देते रहे और उसकी इतनी बड़ी राशि को हड़प कर गए। थानाधिकारी ने बताया कि कोर्ट मिले इस्तगासा पर अब धोखाधड़ी में मामला दर्ज किया गया है। जिसकी गहन जांच की जा रही है।

Next Story