राजस्थान

Jodhpur: गांधीग्राम में रुकेगी जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

Admindelhi1
31 Aug 2026 10:01 AM IST
Jodhpur: गांधीग्राम में रुकेगी जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
x
रेलवे की सौगात, गांधीग्राम में जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस का ठहराव

जोधपुर: जोधपुर से साबरमती जाने वाली ट्रेन अब अहमदाबाद शहर के एक कदम और करीब पहुंच गई है। साबरमती तक दौडऩे वाली जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस अब गांधीग्राम स्टेशन पर थमेगी। रेलवे ने इसका टर्मिनल बदलकर गांधीग्राम कर दिया है। नए टर्मिनल के साथ चांदखेड़ा रोड पर ठहराव भी मिला है। इससे अहमदाबाद के मध्य और उत्तर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा फायदा होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 14821/14822 के संचालन में बदलाव से अहमदाबाद के मध्य क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। पहले साबरमती तक आने वाले यात्रियों को शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त साधन का सहारा लेना पड़ता था। अब गांधीग्राम तक ट्रेन पहुंचने से शहर के मध्य क्षेत्र से सीधा रेल संपर्क मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जोधपुर से रवाना होकर ट्रेन लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, सोमेसर, जवाई बांध, फालना, पिंडवाड़ा और आबूरोड सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरती है। इसके बाद गुजरात में पालनपुर, सिद्धपुर, ऊंझा, महेसाना, कलोल, खोडियार और चांदखेड़ा रोड इसके प्रमुख ठहराव हैं। चांदखेड़ा रोड से आगे ट्रेन गांधीग्राम पहुंचती है।

टर्मिनल परिवर्तन के साथ चांदखेड़ा रोड पर ठहराव इस ट्रेन की नई सुविधा है। इससे उत्तर अहमदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को जोधपुर के लिए सीधी रेल सेवा का विकल्प मिलेगा। दोनों दिशाओं में ट्रेन का यहां ठहराव निर्धारित किया गया है। टर्मिनल बदलने के बाद ट्रेन का संचालन भले ही जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस के नाम से हो रहा हो, लेकिन अब इसका सफर साबरमती से आगे गांधीग्राम तक हो गया है। इससे जोधपुर और अहमदाबाद के बीच रेल यात्रियों को शहर के भीतर बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

ट्रेन का जोधपुर रेलवे स्टेशन से संचालन समय में कोई बदलाव नही किया गया है लेकिन ट्रेन गांधीग्राम से सुबह 7 बजे प्रस्थान करती है जबकि जोधपुर से जाने में गांधीग्राम पहुंचने का समय रात्रि नौ बजे है।

Next Story