राजस्थान

Jodhpur: कैडवर आधारित प्रशिक्षण में सर्जनों ने सीखी आधुनिक सर्जरी तकनीक

Admindelhi1
11 Aug 2026 3:06 PM IST
Jodhpur: कैडवर आधारित प्रशिक्षण में सर्जनों ने सीखी आधुनिक सर्जरी तकनीक
x
कैडवर पर अभ्यास कर सर्जनों ने समझी पेल्विएसीटैबुलर सर्जरी की बारीकियां

जोधपुर: डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में आयोजित राजस्थान पेल्विएसीटैबुलर कैडवेरिक ट्रॉमा कोर्स के दूसरे दिन अलग-अलग दान किए गए कैडवरिक स्टेशनों पर पेल्विस एवं एसीटैबुलम की जटिल सर्जरी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। देशभर से आए 50 से अधिक युवा ऑर्थोपेडिक सर्जनों ने इन जटिल ऑपरेशन की आधुनिक तकनीकों के बारीक गुर एवं टिप्स सीखे।

कार्यक्रम में विशेष रूप से मिनिमली इनवेसिव एवं पर्क्यूटेनियस सर्जरी की तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। इमेज इंटेंसिफायर की सहायता से कम से कम चीरे एवं कम ऊतक क्षति के साथ मरीज को बेहतर संभव परिणाम देने वाली आधुनिक तकनीकों को समझाया गया। पहला लाइव कैडवेरिक प्रदर्शन प्रो. रमेश सेन ने किया। इसके बाद प्रो. विवेक त्रिखा, डॉ. प्रणव शाह तथा प्रो. अभय एल्हेंस ने क्रमश: जटिल पेल्विएसीटैबुलर एवं मिनिमली इनवेसिव सर्जिकल तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने कैडवर पर स्वयं हाथों से विभिन्न शल्य प्रक्रियाओं का अभ्यास किया।

वरिष्ठ विशेषज्ञ फैकल्टी ने प्रत्येक प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी करते हुए प्रतिभागियों को उचित दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन दिया। इसमें एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर, महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज जयपुर तथा राजस्थान के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों ने सहयोग किया। डॉ. एस. एन. मेडिकल कॉलेज की ओर से डॉ. रामा किशन चौधरी, डॉ. निरोत्तम सिंह, डॉ. मुकेश सैनी एवं डॉ. देवेंद्र सिंह गोदारा ने प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाई।

Next Story